आवारा कुत्ते का खौफनाक हमला, 8 साल की मासूम को बुरी तरह नोचा, खून से लथपथ बच्ची अस्पताल में भर्ती

सूरत शहर में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. ताजा मामलों ने लोगों की चिंता और गुस्सा दोनों बढ़ा दिया हैं. एक ही दिन में दो अलग अलग जगहों पर मासूम बच्चों पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आईं, जिनमें बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.

Stray Dog Attacks Innocent 8-Year-Old Girl in Posh Locality
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:30 AM IST

सूरत के पॉश इलाके घोडदौड़ रोड स्थित घंटीवाला गार्डन की है. यहां 8 साल की अनन्या राजू हेरोडे शाम के समय गार्डन में खेल रही थी. इसी दौरान उसके हाथ में आइसक्रीम की थैली देखकर एक आवारा कुत्ता अचानक उसकी तरफ दौड़ पड़ा. मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह काट लिया. बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत दौड़े और किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़ाया. हमला इतना गंभीर था कि बच्ची खून से लथपथ हो गई.

मां ने बताई पूरी घटना
घायल बच्ची की मां संगीता बेन ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घंटीवाला गार्डन गई थीं. बच्चे खेल रहे थे और इसी दौरान वह आइसक्रीम लेने चली गईं. उनकी बेटी अनन्या आइसक्रीम की थैली लेकर अंदर जा रही थी कि तभी वहां मौजूद कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि गार्डन में चार-पांच कुत्ते मौजूद थे, लेकिन एक कुत्ते ने ही बच्ची को पकड़ लिया. घटना के तुरंत बाद वह बिना देर किए रिक्शा लेकर बच्ची को सूरत के न्यू सिविल अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

पलसाना में 6 साल के बच्चे को कुत्तों ने नोचा
दूसरी दर्दनाक घटना सूरत के ग्रामीण इलाके पलसाना से सामने आई. यहां तातीथैया इलाके की गोकुलधाम सोसाइटी में रहने वाला 6 साल का बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था. तभी वहां घूम रहे दो आवारा कुत्तों ने अचानक बच्चे को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोचा, जिससे उसके सिर, कान, छाती और कमर पर करीब सात गहरे घाव हो गए. बच्चे की चीख सुनकर सोसाइटी के लोग लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे और काफी कोशिश के बाद बच्चे को कुत्तों के चंगुल से बाहर निकाला.

लोगों में डर और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
गंभीर रूप से घायल बच्चे को भी तुरंत सूरत के न्यू सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डर साफ दिखाई दे रहा है. वहीं दो अलग-अलग जगहों पर बच्चों पर हुए हमलों के बाद लोगों का गुस्सा भी बढ़ गया है और प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है.

(रिपोर्ट- संजय सिंह जे राठौड़)
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED