scorecardresearch

इंसाफ की मांग करते हुए रो पड़ी एक्ट्रेस मंजरी फडनिस, कहा- बेरहमी से कर दी उसकी हत्या

अभिनेत्री मंजरी फडनिस ने अपने कम्युनिटी डॉग माइकी की कथित हत्या पर भावुक वीडियो शेयर किया. उन्होंने आरोप लगाया कि माइकी के साथ बेरहमी की गई और बाद में उसे फेंक दिया गया. मंजरी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पशु क्रूरता पर सख्त कानून और माइकी के लिए इंसाफ की मांग कर रही हैं.

एक्ट्रेस मंजरी फडनिस एक्ट्रेस मंजरी फडनिस

फिल्म 'जाने तू या जाने ना' से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मंजरी फडनिस इन दिनों एक बेहद दर्दनाक वजह से चर्चा में हैं. मंजरी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह रोते हुए अपने कम्युनिटी डॉग माइकी के लिए इंसाफ की मांग करती नजर आ रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में भी काफी नाराजगी देखने को मिल रही है.

कौन था माइकी?
माइकी कोई पालतू कुत्ता नहीं था, बल्कि सोसायटी में रहने वाला एक कम्युनिटी डॉग था. मंजरी और कई अन्य लोग उसकी देखभाल करते थे. वह सोसायटी के लोगों के बीच जाना-पहचाना और बेहद शांत स्वभाव का डॉग बताया जा रहा है. मंजरी के मुताबिक माइकी उनके लिए सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा था. यही वजह है कि उसकी मौत ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है.

हत्या का आरोप, सामने आई चौंकाने वाली कहानी
मंजरी फडनिस ने अपने वीडियो में दावा किया कि माइकी की बेरहमी से हत्या की गई. उन्होंने बताया कि सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर माइकी को बुरी तरह पीटा. अभिनेत्री के अनुसार, हमले के बाद माइकी को घसीटते हुए बी-1 ब्लॉक और लॉबी के बीच बने सीढ़ी वाले हिस्से तक ले जाया गया. वहां भी उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मंजरी का कहना है कि माइकी के मुंह से खून निकल रहा था और उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी.

बोरी में भरकर फेंकने का आरोप
मंजरी ने वीडियो में बताया कि जब माइकी की हालत नाजुक हो गई तो उसे एक बोरी में भरकर सोसायटी के पीछे मौजूद खाली जगह पर फेंक दिया गया. इस घटना का जिक्र करते हुए अभिनेत्री भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि किसी भी बेजुबान जानवर के साथ ऐसी क्रूरता स्वीकार नहीं की जा सकती.

सोशल मीडिया पर उठाई सख्त कानून की मांग
मंजरी फडनिस ने सिर्फ माइकी के लिए इंसाफ नहीं मांगा, बल्कि पशुओं के खिलाफ होने वाली क्रूरता पर सख्त कानून बनाने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि लोगों में यह डर होना चाहिए कि अगर वे किसी जानवर को नुकसान पहुंचाएंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. उनका मानना है कि मौजूदा कानून ऐसे मामलों में पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाते. अपने पोस्ट में मंजरी ने साफ कहा कि वह माइकी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखेंगी. उन्होंने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जो इस मामले में उनके साथ खड़े हैं और आवाज उठा रहे हैं.
 

ये भी पढ़ें