scorecardresearch

Nagpur News: एक कॉल और खाते से 6 लाख फुर्र... चीन दौरे पर था युवक, लेकिन हो गया ठगी का शिकार

युवक को केवल एक कॉल आया जिसमें उसे एक कर्ज का गारंटर बनने के लिए कहा गया. लेकिन उसका मना करना उसे काफी भारी पड़ा. क्योंकि उसके बाद उसके खाते से 6 लाख उड़ा लिए गए.

Advertisement
Cyber Fraud Cyber Fraud

नागपुर शहर से साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां के पांचपावली इलाके के 55 वर्षीय आर्किटेक्ट के क्रेडिट कार्ड से 5 लाख 87 हजार रुपए के अनधिकृत ट्रांजैक्शन किए गए. हैरान करने वाली बात है कि ये पैसा क्रेडिट कार्ड से तब उड़ा जब शिकायतकर्ता काम के सिलसिले में चीन गए हुए थे. 

दरअसल उन्हें एक अनजान व्यक्ति का फोन आया और 6 लाख के कर्ज के लिए गारंटर की बात कही. शिकायतकर्ता ने ऐसी किसी भी जानकारी से इनकार करते हुए संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया. बाद में बैंक के मैसेज से पता चला कि क्रेडिट कार्ड से पहले ही 13 ट्रांजैक्शन सायबर ठगो द्वारा किए जा चुके थे.

कर्ज का गारंटी बनने से इनकार, खाते से गायब हुए 6 लाख

नागपुर के पांचपावली पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाले 55 वर्षीय आर्किटेक्ट अमरजीतसिंग सुरी काम के सिलसिले में चीन गए हुए थे. शिकायत के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को वे काम के लिए चीन गए थे. 15 सितंबर को उनके मोबाइल नंबर पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया. 

फोन करने वाले ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को 6 लाख के कर्ज के लिए गारंटर बनने की बात बताई. इस पर शिकायतकर्ता ने ऐसी किसी भी गारंटी से इनकार किया और संबंधित मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया. इसके अगले दिन यानी 16 सितंबर को, चीन में रहते हुए जब शिकायतकर्ता ने बैंक से मिले मैसेज की जानकारी ली, तो उनके क्रेडिट कार्ड से 5 लाख 87 हजार रुपये के अनधिकृत लेन-देन होने की जानकारी सामने आई.

बिना क्रेडिट कार्ड डिटेल के पैसा हुआ छूमंतर

पीड़ित के शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त से 11 सितंबर के बीच इंडस्लेंड बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुल 13 ट्रांजैक्शन सायबर ठगो द्वारा किए गए थे. शिकायतकर्ता का कहना है कि ये सभी लेन-देन उन्होंने नहीं किए. उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति को अपने क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी भी नहीं दी थी.

मामले की जांच में लगी  पुलिस

मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी और क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कराया. इसके बाद NCCRP साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायतकर्ता ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्रेडिट कार्ड का अनधिकृत इस्तेमाल कर 5 लाख 87 हजार की आर्थिक धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है. मामले में पांचपावली पुलिस आगे की जांच कर रही है.