बारिश
बारिश
भारत के कई राज्यों में जहां एक तरफ बारिश के हालात हैं, तो वहीं कहीं पर अभी भी उमस बरकरार है. मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली, पंजाब और बिहार में बारिश की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. एक तरफ कई राज्यों में नदियां उफान पर हैं, जिससे कई हादसे भी हो रहे हैं. वहीं असम में बाढ़ के हालात में कुछ सुधार आया है.
दिल्ली में उमस से लोग बेहाल
जहां देश के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, वहीं दिल्ली में उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा. मौसम विभाग ने शनिवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है.
मुंबई में बारिश से हाई अलर्ट
मुंबई में भारी बारिश जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के अन्य शहरों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है. पिछले चार दिनों से यहां लगातार बारिश हो रही है. शहर के कई इलाके पानी से लबालब भर चुके हैं. भारी बारिश से समुद्र का स्तर भी बढ़ रहा है. जिसको देखते हुए सुबह 10 बजे से बीच को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं.
पंजाब में गर्मी से राहत का अनुमान
पंजाब में उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि पंजाब में अलग-अलग जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं वीकेंड पर तेज बारिश की संभावना है. पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब में भारी बारिश की संभावना है. शुक्रवार को अमृतसर में अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ रही है. इस वजह से प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश नहीं हो रही है. वहीं मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक तेज बारिश होने की संभावना को काफी कम बताया है. जिससे न्यूनतम तापमान के सामान्य से ज्यादा होने के कारण लोगों को गर्मी का सामना भी करना पड़ेगा.
एमपी-राजस्थान में बारिश के हालात
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के हिस्सों में अगले 2-3 दिन तेज बारिश हो सकती है. साथ ही बारां, झालावाड़, कोटा, चूरू और हनुमानगढ़ में अगले 24 से 48 घंटे के बीच भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. वहीं जयपुर में तीन दिन बाद बारिश होने का अनुमान है. मध्यप्रदेश की बात करें तो 11 से 17 जुलाई तक प्रदेश में इस सीजन की सबसे तेज बारिश होने के आसार हैं. उड़ीसा के ऊपर चक्रवाती घेरा बनने से पूर्वी मध्य प्रदेश यानी जबलपुर, शहडोल, भोपाल और नर्मदापुरम में भारी बारिश का दौर शुरू होगा, जो 17 जुलाई तक चलेगा.
दिल्ली की वायु गुणवत्ता
सफर के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह करीब 8.05 बजे संतोषजनक स्तर पर था. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा माना जाता है, 51 और 100 संतोषजनक, 101 और 200 मध्यम, 201 और 300 खराब, 301 और 400 बहुत खराब, और 401 और 500 गंभीर.