Idli Recipe
Idli Recipe
साउथ इंडियन फूड में इडली सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और हेल्दी फूड में से एक मानी जाती है. हल्की, पौष्टिक और आसानी से पचने वाली इडली को लोग नाश्ते से लेकर शाम के स्नैक्स तक बड़े चाव से खाते हैं. लेकिन कई बार जरूरत से ज्यादा इडली बन जाती है और अगले दिन उसे खाने का मन नहीं करता. ऐसे में अक्सर बची हुई इडली या तो फ्रिज में पड़ी रह जाती है या फिर फेंक दी जाती है. अगर आपके घर में भी ऐसा होता है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. बची हुई इडली से कुछ ही मिनटों में कई स्वादिष्ट और अलग-अलग तरह के नाश्ते तैयार किए जा सकते हैं. तो आइए जानते हैं बची हुई इडली से बनने वाली चार आसान और टेस्टी रेसिपी.
कुरकुरे फिंगर चिप्स
सबसे पहले बची हुई इडली को लंबी स्टिक के आकार में काट लें. अब इन पर हल्का पानी छिड़कें और कॉर्नफ्लोर, नमक व काली मिर्च अच्छी तरह लगा दें. इसके बाद गर्म तेल में इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. आखिर में ऊपर से काला नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़ककर गरमा गरम परोसें.
इडली पकौड़ा
एक बर्तन में बेसन, नमक, लाल मिर्च, हल्दी और अजवाइन डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. दूसरी तरफ उबले आलू में मसाले मिलाकर स्टफिंग बना लें. अब इडली को मनचाहे आकार में काटें और उसके बीच में हरी चटनी, मीठी चटनी और आलू की स्टफिंग भरें. फिर इसे बेसन के घोल में डुबोकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तल लें.
इडली उपमा
एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, हींग और प्याज भून लें. इसके बाद हल्दी, नमक, लाल मिर्च, थोड़ा सा चीनी, नींबू का रस और थोड़ा पानी डालें. अब कटी हुई इडली डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ऊपर से धनिया, सेव, बारीक प्याज, अनारदाना और नारियल का बुरादा डालकर परोसें.
दही इडली
अगर कुछ अलग खाने का मन है, तो इसके लिए इडली को प्लेट में रखें और उसके ऊपर अच्छी तरह फेंटा हुआ दही डालें. फिर हरी चटनी, मीठी चटनी, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें. आखिर में धनिया, हरी मिर्च, सेव और अनारदाना से गार्निश करें.
ये भी पढ़ें: