scorecardresearch

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी लाइट एंड साउंड शिव केव, श्रद्धालु बोले- इस गुफा के भीतर ऐसा प्रतीत होता है मानो साक्षात भगवान भोलेनाथ हों विराजमान

अमरनाथ यात्रियों के बीच तवी रिवर फ्रंट पर बनी लाइट एंड साउंड शिव केव आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. भगवान शिव की गुफा की तर्ज पर बनाई गई इस भव्य गुफा के भीतर शिवलिंग, त्रिशूल और अमरनाथ यात्रा से जुड़े पवित्र अमर कबूतरों की आकर्षक प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं. श्रद्धालु गुफा के भीतर बैठकर दिव्य प्रस्तुति का आनंद ले रहे हैं. वे यहां सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं.

Advertisement
Shiva Cave Shiva Cave

अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होने के साथ ही देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू पहुंच रहे हैं. भगवती नगर यात्री निवास के साथ-साथ इस बार तवी रिवर फ्रंट भी यात्रियों का प्रमुख पड़ाव बनकर उभरा है. यहां बनाए गए अतिरिक्त पंजीकरण केंद्रों के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु तवी रिवर फ्रंट पहुंच रहे हैं, जहां उनके लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आकर्षणों की विशेष व्यवस्था की गई है. इन्हीं आकर्षणों में सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी है जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से तैयार की गई लाइट एंड साउंड शिव केव. भगवान शिव की गुफा की तर्ज पर बनाई गई इस भव्य गुफा के भीतर शिवलिंग, त्रिशूल और अमरनाथ यात्रा से जुड़े पवित्र अमर कबूतरों की आकर्षक प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं.

सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवा रहे श्रद्धालु
इस शिव केव की सबसे बड़ी विशेषता इसका लाइट, लेजर और साउंड शो है. आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा अमरनाथ की पौराणिक कथा, यात्रा का महत्व और भगवान शिव द्वारा माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाने की पूरी कहानी प्रभावशाली अंदाज में दिखाई और सुनाई जाती है. श्रद्धालु गुफा के भीतर बैठकर इस दिव्य प्रस्तुति का आनंद लेते हैं तथा बड़ी संख्या में यहां सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं.

शिव केव का अनुभव अत्यंत अलौकिक 
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुड न्यूज टुडे से विशेष बातचीत में बताया कि शिव केव का अनुभव अत्यंत अलौकिक है. कई श्रद्धालुओं का कहना है कि गुफा के भीतर ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं भगवान भोलेनाथ साक्षात विराजमान हों. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अमरनाथ यात्रा की आध्यात्मिक अनुभूति जम्मू में ही प्राप्त हो रही है.

आध्यात्मिक अनुभव कर रहा प्रदान 
गौरतलब है कि इस लाइट एंड साउंड शिव केव का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया था. उद्घाटन के बाद से ही यह स्थल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. तवी रिवर फ्रंट पर शाम के समय होने वाली मां तवी की भव्य आरती, रंग-बिरंगी रोशनी से सजा पूरा परिसर और शिव केव का दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान कर रहा है. जत्थे के रवाना होने से पहले बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और पूरे परिसर का आनंद ले रहे हैं.

सुरक्षा व्यवस्था है कड़ी  
अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं. तवी रिवर फ्रंट और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालु बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं. रोशनी से जगमगाता तवी रिवर फ्रंट इस समय श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया है.

(राही कपूर की रिपोर्ट)