T20 World Cup 2026 IND vs SA
T20 World Cup 2026 IND vs SA
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक भारतीय टीम कोई भी मैच नहीं हारी है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में यूएस को को 29 रनों से हराया था. दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रनों से और तीसरे मैच में पाकिस्तान को 61 रनों से हराया था. ग्रुप स्टेज के अंतिम मैच में भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया था. इस तरह से भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में शान से पहुंची है. अब सुपर-8 में भारत को अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है.
सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया के खिलाड़ी साउथ अफ्रीका को हराने के लिए तैयार हैं. टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत का पलड़ा साउथ अफ्रीका पर भारी है. ऐसे में कहा जा रहा है कि भारत आसानी से मैच जीत जाएगा. हालांकि भारत को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि भारतीय टीम की तरह ही प्रोटियाज टीम भी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीते हैं. सुपर-8 स्टेज में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 22 फरवरी को मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा.
टी-20 विश्व कप में भारत का पलड़ा भारी
टी-20 विश्व कप के इतिहास में अभी तक भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 7 बार आमना-सामना हो चुका है. इसमें 5 बार भारत ने जीत दर्ज की है तो सिर्फ दो बार साउथ अफ्रीका की टीम को जीत नसीब हुई है. टी-20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका ने भारत को आखिरी बार 2022 में 5 विकेट से हराया था. उधर, टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को ही हराकर कप पर कब्जा जमाया था. यह फाइनल मैच बारबाडोस में खेला गया था. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बनाए थे. उधर, साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 169 रन ही बना सकी थी. इस तरह से भारत ने फाइनल मैच को 7 रनों से जीत लिया था और ट्रॉफी अपने नाम की थी. टीम इंडिया ने 2014 के सेमीफाइनल में भी साउथ अफ्रीका को हरा चुकी है.
ओवरऑल कैसा है रिकॉर्ड
टी-20 क्रिकेट के इतिहास में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो इसमें भी भारत का पलड़ा साउथ अफ्रीका पर भारी है. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अभी तक कुल 32 टी-20 मैच खेले गए हैं. इसमें 19 मैचों भारतीय टीम को जीत मिली है जबकि 12 मुकाबलों में साउथ अफ्रीका ने बाजी मारी है. एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका था. पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 8 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें 6 में भारत और सिर्फ 2 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली है. आपको मालूम हो कि हाल ही में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी. इस सीरीज को भारत ने 3-1 से अपने नाम किया था. इतना ही नहीं विश्व कप 2026 में खेले गए वार्म-अप मैच में भी भारत ने बाजी मारी थी.
सुपर-8 स्टेज में भारत के मैच
1. 22 फरवरी: भारत बनाम साउथ अफ्रीका
2. 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे
3. 1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
एडन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना माफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्त्जे, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स.