(Photos Credit: Social Media)
घर पर दही जमाना बेहद आसान है, लेकिन कई बार सही तापमान और तरीका न होने से दही पतला या खट्टा हो जाता है.
तो चलिए आपको बताते हैं कुछ आसान टिप्स के बारे में, जिन्हें अपनाकर आप बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही घर पर जमा सकते हैं.
दही जमाने के लिए फुल क्रीम या टोंड दूध ले सकते हैं. दूध को अच्छी तरह उबालने के बाद कुछ मिनट धीमी आंच पर पकाएं. इससे दही ज्यादा गाढ़ा जमता है.
दूध को उबालने के तुरंत बाद उसमें जामन न डालें. दूध को हल्का गुनगुना होने दें. बहुत गर्म दूध में जामन डालने से दही ठीक से नहीं जमता.
एक लीटर दूध के लिए करीब 1 से 2 चम्मच ताजा दही जामन के तौर पर पर्याप्त है. इसे दूध में अच्छी तरह मिला लें.
जामन डालने के बाद बर्तन को ढककर किसी गर्म और शांत जगह पर रख दें. बर्तन को बार-बार हिलाने से दही जमने में परेशानी हो सकती है.
ठंड के मौसम में दही जमने में ज्यादा समय लगता है. ऐसे में बर्तन को किसी गर्म जगह, जैसे बंद माइक्रोवेव या कैसरोल में रख सकते हैं.
गर्म मौसम में दही करीब 5-7 घंटे में जम सकता है, जबकि ठंड में 8-10 घंटे या उससे ज्यादा समय लग सकता है. दही जमने के बाद इसे तुरंत फ्रिज में रख दें.
अगर आपको बिल्कुल गाढ़ा और मलाईदार दही चाहिए तो दूध को थोड़ा ज्यादा देर तक पकाएं. दही जमने के बाद उसे बिना हिलाए कुछ घंटे फ्रिज में रखें.