मिलावटी गुड़ से बचने का सबसे अच्छा तरीका है घर पर शुद्ध गुड़ बनाना सीखना. तो आइए जानते हैं घर पर गुड़ बनाने की आसान रेसिपी के बारे में.
सबसे पहले ताजा गन्ने के रस को एक जार या बाल्टी में लें और उसे बारीक कपड़े से छान लें. इससे गन्ने के रस से गंदगी या मिट्टी के कण निकल जाएंगे.
छाने हुए गन्ने के रस को एक भारी तले के बर्तन में डालें और धीमी आंच पर गर्म करना शुरू करें.
जैसे-जैसे रस गर्म होगा, उसमें झाग बनेगा, जो अशुद्धियों और फेन का मिश्रण होता है.
गुड़ का रंग साफ और गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के लिए इस झाग को चम्मच से लगातार हटाते रहें.
धीमी आंच पर पकने पर गुड़ का रस धीरे-धीरे गाढ़ा होकर सिरप जैसा हो जाता है. आप समय-समय पर इसकी गाढ़ापन जांच सकते हैं.
बस एक छोटे कटोरे में ठंडा पानी लें और उसमें सिरप की एक बूंद डालें. अगर वह फैल जाए, तो इसे थोड़ी देर और पकाएं.
जब बूंद उंगलियों के बीच दबाने पर सख्त लगे और फैले नहीं, तो समझ लीजिए कि गुड़ तैयार है.
इस समय गैस बंद कर दें और तैयार मिश्रण को घी या तेल से हल्के से चिकना किए हुए बर्तन में निकाल लें. सिरप को बर्तन में फैलाने के बाद उसे ठंडा होने दें.
ठंडा होने पर मिश्रण जम जाता है और आप इसे अपनी इच्छानुसार टुकड़ों में काटकर इस्तेमाल कर सकते हैं.