घर पर बना लो किशमिश, नहीं पड़ेगी बाजार से खरीदने की जरूरत

बाजार में अच्छी क्वालिटी की किशमिश के बढ़ते दाम अक्सर लोगों की जेब पर भारी पड़ते हैं.

ऐसे में चलिए आपको बताते हैं कि घर पर किशमिश कैसे बना सकते हैं.

अंगूर को सबसे पहले साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक बर्तन में पानी लें और उसमें थोड़ा सा खाने वाला सोडा या विनेगर मिला दें.

अब अंगूर को इस पानी में 5–7 मिनट तक डालकर हल्के हाथों से साफ करें. इससे अंगूर पर मौजूद गंदगी और केमिकल पूरी तरह निकल जाते हैं.

धोने के बाद अंगूर को एक प्लेट में निकालकर डंठल से अलग कर लें. इसके बाद इन्हें कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें, ताकि अतिरिक्त पानी सूख जाए.

एक कढ़ाई या स्टीमर में थोड़ा पानी डालें और ऊपर जाली या छलनी रख दें. अब अंगूर को इसमें डालकर 4–5 मिनट तक स्टीम करें.

जब अंगूर का रंग थोड़ा बदलने लगे और हल्के कट नजर आने लगें, तो उन्हें तुरंत निकाल लें.

अब स्टीम किए हुए अंगूर को एक साफ कपड़े पर फैलाकर तेज धूप में रख दें. ऐसी जगह चुनें जहां अच्छी धूप आती हो. 

कुछ दिनों में अंगूर पूरी तरह सूख कर स्वादिष्ट किशमिश में बदल जाएंगे. इस आसान तरीके से आप घर पर ही शुद्ध, स्वादिष्ट और किफायती किशमिश बना सकते हैं.