साल 2026 का आठवां महीना अगस्त मिथुन राशि के जातकों के लिए मिला-जुला लेकिन सकारात्मक परिणाम देने वाला साबित हो सकता है. इस महीने करियर में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी और नौकरीपेशा लोगों को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी, जबकि व्यापारियों के लिए लाभ के अच्छे योग बन रहे हैं. आर्थिक स्थिति मजबूत रहने की संभावना है. हालांकि स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है. प्रेम और पारिवारिक जीवन में भी कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं.
ग्रहों की स्थिति देगी मिश्रित परिणाम
अगस्त महीने की शुरुआत में राशि स्वामी बुध मिथुन राशि में रहेंगे और 5 अगस्त को दूसरे भाव में सूर्य और बृहस्पति के साथ युति बनाएंगे. 17 अगस्त को सूर्य तीसरे भाव में केतु के साथ पहुंचेंगे और 22 अगस्त से बुध भी तीसरे भाव में गोचर करेंगे. पूरे महीने बृहस्पति दूसरे भाव में रहेंगे, जबकि मंगल 2 अगस्त से प्रथम भाव में प्रवेश करेंगे. शनि वक्री होकर दशम भाव में, राहु नवम भाव और केतु तीसरे भाव में विराजमान रहेंगे. 12 अगस्त के बाद बृहस्पति के उदित होने से कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे.
करियर में बढ़ेगा काम का दबाव
नौकरीपेशा लोगों के लिए यह महीना चुनौतीपूर्ण रहेगा. कार्यस्थल पर जिम्मेदारियां बढ़ेंगी और अपेक्षा से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी. हालांकि आपकी लगन और कार्यशैली वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित करेगी, जिससे प्रतिष्ठा और सम्मान में वृद्धि होगी. विदेश यात्रा या दूसरे राज्य की यात्रा के भी योग बन सकते हैं. व्यापार करने वाले जातकों के लिए समय काफी लाभदायक रहेगा. व्यापार में विस्तार और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है. विशेष रूप से पैतृक व्यवसाय से जुड़े लोगों को अच्छा फायदा मिल सकता है. हालांकि साझेदारी के कारोबार में मतभेद उभर सकते हैं, इसलिए संवाद और समझदारी बनाए रखना आवश्यक होगा.
आर्थिक स्थिति रहेगी अच्छी
अगस्त महीने में मिथुन राशि वालों की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहने के संकेत हैं. व्यापार, निवेश और निजी प्रयासों से आय में वृद्धि हो सकती है. शेयर बाजार या अन्य निवेश माध्यमों से भी लाभ मिलने की संभावना है. संपत्ति की खरीद-बिक्री से भी आर्थिक फायदा मिल सकता है. महीने की शुरुआत में कुछ अतिरिक्त खर्च जरूर रहेंगे, लेकिन 5 अगस्त के बाद खर्चों पर नियंत्रण आने लगेगा. लंबी यात्राओं पर खर्च होगा, लेकिन ये यात्राएं भविष्य में लाभ देने वाली साबित हो सकती हैं.
स्वास्थ्य को न करें नजरअंदाज
स्वास्थ्य के मामले में यह महीना सामान्य रहेगा, लेकिन लापरवाही भारी पड़ सकती है. थकान, कमजोरी, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, त्वचा संबंधी समस्याएं या रक्तचाप से जुड़ी परेशानियां सामने आ सकती हैं. ऐसे में नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और पर्याप्त आराम बेहद जरूरी रहेगा. योग, ध्यान और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाना लाभदायक रहेगा. साथ ही क्रोध और वाणी पर नियंत्रण रखने से मानसिक तनाव भी कम होगा.
प्रेम और वैवाहिक जीवन में रखें संयम
प्रेम संबंधों के लिए अगस्त महीना सामान्य रहेगा. साथी के साथ समय बिताने और यात्राओं के अवसर मिलेंगे. इससे रिश्ते मजबूत होंगे. हालांकि भावनाओं में बहकर किए गए वादे या अनावश्यक अपेक्षाएं रिश्तों में तनाव पैदा कर सकती हैं. प्रियतम के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी रह सकती है. विवाहित जातकों को वैवाहिक जीवन में धैर्य रखने की आवश्यकता होगी. जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद की स्थिति बन सकती है. शांत स्वभाव अपनाने से रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी.
परिवार में रहेगा उतार-चढ़ाव
पारिवारिक जीवन में मिश्रित परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बुजुर्गों का सम्मान बढ़ेगा. हालांकि घर के माहौल में अनुशासन और मतभेद दोनों देखने को मिल सकते हैं. माता-पिता के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होगी. भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे, लेकिन अहंकार या छोटी बातों को बड़ा बनाने से बचना चाहिए.
विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा माह
विद्यार्थियों के लिए अगस्त का महीना मेहनत का फल देने वाला रहेगा. पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है. लगातार प्रयास भविष्य की सफलता का मार्ग प्रशस्त करेंगे.
अगस्त माह में करें ये उपाय
1. मंगलवार के दिन लाल अनार का दान करें.
2. शुक्रवार को खीर बनाकर मां को भोग लगाएं और छोटी बालिकाओं में वितरित करें.
3. शनिवार को श्री शनि चालीसा का पाठ करें.
4. बुधवार के दिन श्री विष्णु सहस्त्रनाम स्रोत का पाठ करना विशेष रूप से शुभ और लाभकारी रहेगा.