Astrology: तलवे, अंगूठे और हथेलियों से जान सकते हैं किस्मत का हाल... लेकिन कैसे... यहां जानिए

तलवे और हथेलियों से भी किसी की किस्मत का हाल जाना जा सकता है. तलवे और हथेलियां सीधे तौर से धन और ताकत से संबंध रखती हैं. अंगूठे का सही अध्ययन करके व्यक्ति के जीवन और भावनाओं के बारे में जान सकते हैं. 

Relationship of soles and palms with luck
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

तलवे और हथेलियों से भी किसी की किस्मत का हाल जाना जा सकता है. तलवे और हथेलियां सीधे तौर से धन और ताकत से संबंध रखती हैं. तलवों से व्यक्ति की यात्राओं के बारे में भी जाना जा सकता है. तलवों को ठीक रखकर धन की समस्याओं और स्वास्थ्य को ठीक किया जा सकता है. हथेलियों के चिह्न साधारण होते हैं, जबकि तलवों के चिह्न बहुत ज्यादा विशेष होते हैं. 

क्या पता चलता है तलवे के आकार से 
1. लंबे तलवे होना कहीं-कहीं पर मूर्खता की निशानी माना जाता है.
2. लंबे तलवे वाले आलसी होने के बावजूद जीवन में सफलता प्राप्त कर लेते हैं.
3. जरूरत से ज्यादा छोटे तलवे व्यक्ति को मानसिक चिंता में डाल देते हैं. ऐसे लोग काफी संघर्ष के बाद ही जीवन में कुछ पा सकते हैं.
4. सामान्य तलवे के पैर के अंगूठे को देखना होगा. तलवे के पास अंगूठे की रेखा अच्छी हो तो सामान्य तलवे भी अच्छे प्रभाव देते हैं. 

क्या कहती हैं तलवे और पैरों की अंगुलियां 
पैरों का अंगूठा, अगर बगल वाली अंगुली से छोटा हो तो यह भाग्य में वृद्धि करता है. अगर पैर की सबसे छोटी अंगुली काफी छोटी हो या इसमें नाखून बहुत ही छोटा हो तो वैवाहिक जीवन खराब होता है. अगर पैर की सबसे छोटी अंगुली लंबी हो तो व्यक्ति को धन का अभाव नहीं होता. अगर पैरों की अंगुलियां टेढ़ी-मेढ़ी हो तो व्यक्ति की किस्मत में दो विवाह का योग बन जाता है. अगर पैर का अंगूठा ज्यादा ही बड़ा हो तो यह बीमारी का लक्षण होता है. 

क्या कहता है तलवे का रंग
तलवे का रंग स्वाभाविक और साफ हो तो व्यक्ति स्वस्थ रहता है. तलवे का रंग एक समान न हो तो व्यक्ति धूर्त होता है. तलवे के रंग में गुलाबीपन का होना बताता है कि व्यक्ति अत्यंत समृद्ध और सम्पन्न है. अगर तलवे का रंग पीलापन लिए हुए हो तो व्यक्ति को खराब दाम्पत्य जीवन का सामना करना पड़ता है. 

तलवे की रेखाओं का क्या है अर्थ 
अगर तलवे में अंगूठे से एक सीधी रेखा नीचे जाय तो यह व्यक्ति को अत्यंत बुद्धिमान बनाती है. तलवे में जितनी कम रेखाएं होंगी व्यक्ति उतना ही ज्यादा भाग्यवान होगा. तलवे में रेखाओं का जाल हो तो व्यक्ति को आजीविका के लिए भटकना पड़ता है. तलवों में शंख या चक्र का होना अत्यंत दुर्लभ है और यह महापुरुषों के पैरों में ही पाया जाता है. 

क्या है हस्तरेखा विज्ञान में अंगूठे का महत्व
हथेलियां, दरअसल आपकी कुंडली की फोटो कॉपी हैं. हाथ का सही अध्ययन करके कुंडली के ग्रहों को जान सकते हैं. हाथ में सबसे महत्वपूर्ण अंगूठा होता है. अंगूठे का सही अध्ययन करके व्यक्ति के जीवन और भावनाओं के बारे में जान सकते हैं. अंगूठे से व्यक्ति का मन और धन सबसे आसानी से जान सकते हैं. किसी कार्य को करने में व्यक्ति की लगन कितनी है, यह भी अंगूठे से जान सकते हैं. 

अंगूठे की सामान्य विशेषताएं और परिणाम
सामान्यतः अंगूठे में दो पर्व होते हैं. तीन पर्व होना बहुत ज्यादा शुभ होता है. पहला पर्व इच्छा शक्ति का होता है, दूसरा पर्व ज्ञान और तर्क का होता है जबकि तीसरा पर्व अंतर्ज्ञान का होता है. इस पर्व पर कभी-कभी दिव्य नेत्र भी होता है, जो पर्व जितना बड़ा होता है व्यक्ति के अंदर वह शक्ति उतनी ही ज्यादा होती है. 

अंगूठे के आकार से व्यक्ति के भावनाओं और स्वभाव के बारे में क्या मिलती है सूचना 
लम्बा अंगूठा होने पर व्यक्ति बहुत ज्यादा बुद्धिमान होता है. अपना प्रभाव और क्षेत्र बनाए रखना चाहता है. समकोण का अंगूठा व्यक्ति को कलाकार और भावुक बनाता है. ऐसे लोगों के अंदर सृजन की अद्भुत क्षमता होती है. अधिककोण का अंगूठा व्यक्ति को दैवीय बना देता है. ऐसे लोग नियंत्रण और बुद्धिमानी के प्रतीक होते है. छोटा अंगूठा व्यक्ति को क्रोधी और सनकी बनाता है. ऐसे अंगूठे वाले व्यक्ति कभी-कभी अपराधी भी हो जाते हैं. 

अंगूठे के कारण भाग्य में कोई अवरोध आ रहा हो तो क्या उपाय करें 
प्रातःकाल हथेलियों के दर्शन करें. अपने स्वभाव और खान-पान पर नियंत्रण रखें. ज्ञान मुद्रा का प्रातः और सायंकाल अभ्यास करें. अंगूठे से चन्दन का तिलक भगवान को लगाएं. अंगूठे में बिना जोड़ का चांदी का छल्ला धारण करें. 


 

Read more!

RECOMMENDED