तुला राशि के जातकों के लिए 20 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक का सप्ताह मिला-जुला रहने वाला है. इस दौरान जहां कुछ मामलों में सतर्कता बरतने की जरूरत होगी, वहीं मानसिक संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी रहेगा. खासतौर पर आर्थिक फैसलों और रिश्तों को लेकर आपको सोच-समझकर कदम उठाने होंगे, वरना छोटी-सी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है.
मानसिक तनाव बढ़ सकता है
इस हफ्ते चंद्र राशि से छठे भाव में शनि की स्थिति आपके मानसिक तनाव को बढ़ा सकती है. ऐसे में आपको अपनी मानसिक क्षमता को मजबूत बनाने पर ध्यान देना चाहिए. योग, ध्यान और अच्छी किताबें पढ़ना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. खुद को व्यस्त और सकारात्मक रखने से आप कई समस्याओं से दूर रह सकते हैं.
उधार देने से बचें
आर्थिक मामलों में यह सप्ताह थोड़ा जोखिम भरा रह सकता है. संभावना है कि कोई दोस्त, परिवार का सदस्य या रिश्तेदार आपसे बड़ी रकम उधार मांग सकता है. लेकिन कुंडली के योग संकेत दे रहे हैं कि इस समय किसी को भी पैसा उधार देना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए भावनाओं में बहकर कोई भी आर्थिक निर्णय लेने से बचें, वरना बाद में पछताना पड़ सकता है.
किसी से खुलकर बातचीत करने से बचें
परिवारिक जीवन में भी कुछ निराशाजनक स्थितियां सामने आ सकती हैं. जिस व्यक्ति पर आप सबसे ज्यादा भरोसा करते थे, उसी की किसी बात से आपका विश्वास टूट सकता है. इससे मन में असुरक्षा और चिंता बढ़ेगी, साथ ही आपको अपने निजी राज खुलने का डर भी सता सकता है. ऐसे में संयम बनाए रखना और किसी से भी ज्यादा खुलकर बात करने से बचना बेहतर रहेगा.
फिक्र और हल्का-फुल्का रवैया बन सकता है परेशानी का सबब
कार्यस्थल पर आपका बेफिक्र और हल्का-फुल्का रवैया अधिकारियों को पसंद नहीं आ सकता. वे आपकी जिम्मेदारियों को लेकर सवाल उठा सकते हैं, जिससे आपके काम पर असर पड़ सकता है. वहीं छात्रों के लिए भी यह सप्ताह सावधानी का संकेत दे रहा है. शिक्षकों से किसी भी तरह की बहस या विवाद आपकी छवि खराब कर सकता है. इसलिए इस समय धैर्य और समझदारी से काम लेना ही आपके लिए सबसे सही रास्ता होगा.