स्वाद का संबंध हमारे दूसरे भाव से है, जहां से हमारे जुबान की स्थिति देखी जाती है. इसी भाव से हमारी आंखें, हमारा धन और हमारी वाणी भी देखी जाती है. जिस तरह का हमारा स्वाद होता है, उस तरह के ग्रह का प्रभाव उस स्थान पर होता है और उसी ग्रह के आधार पर हम धन, वाणी और आंखों की स्थिति जान सकते हैं.
1. मीठा
मीठा स्वाद बृहस्पति का माना जाता है. थोड़ी सी मिठास सूर्य की भी होती है. सूर्य की मिठास थोड़ी गर्म होती है. बृहस्पति की मिठास गर्म हो ये जरूरी नहीं है. जिनकी कुंडली में बृहस्पति या सूर्य मजबूत होता है, उन्हें मीठा खाना पसंद होता है. यदि बृहस्पति या सूर्य की वजह से परेशानी हो तो मीठा खाना बंद कर देना चाहिए.
2. खट्टा
खट्टा स्वाद शुक्र का होता है. यदि कुंडली में शुक्र का प्रभाव हो तो व्यक्ति खट्टा खाता है. ऐसे लोग जीवन में बहुत सारा ग्लैमर पाते हैं और शान-शौकत से रहते हैं. ऐसे लोगों को दिखावे पर खर्चे से बचना चाहिए. चंचल मन वालों को खट्टा खाने से बचना चाहिए.
3. नमकीन
नमकीन स्वाद चन्द्रमा का होता है. कुंडली में चन्द्रमा का प्रभाव ज्यादा हो तो व्यक्ति नमकीन का शौक रखता है. ऐसे लोगों के अन्दर बचपना बहुत होता है. इसके साथ ही काफी सुन्दर और भावुक भी होते हैं. अगर मानसिक तनाव पालने की आदत हो नमकीन चीज कम खानी चाहिए.
5. कड़वा
कड़वा स्वाद शुद्ध रूप से सूर्य का होता है. जिन लोगों के ऊपर सूर्य का प्रभाव होता है, ऐसे लोगों को कड़वा पसंद होता है. इन लोगों की आंखें और पारिवारिक जीवन में समस्या होती है. इसके साथ ही वाणी भी कठोर होती है. अगर कड़वा स्वाद पसंद आने लगे तो सूर्य को जल चढ़ाना शुरू कर देना चाहिए.
6. तीखा
तीखा स्वाद मंगल ग्रह से सम्बन्ध रखता है. मंगल मजबूत होने से व्यक्ति को तीखा खाना पसंद होता है. ये लोग बड़े ज्यादा साहसी और हिम्मतवाले होते हैं. किसी की परवाह नहीं करते. अगर साहस की कमी हो तो थोड़ा सा तीखा जरूर खाएं.
7. चटपटा
चटपटा अर्थात मिश्रित स्वाद बुध से सम्बन्ध रखता है. बुध के प्रभावशाली होने से व्यक्ति को चटपटा खाना पसंद होता है. ये लोग बातूनी, सुन्दर, सलीकेदार और कभी-कभी चालाक होते हैं. ज्यादा और बड़बोले लोगों को चटपटा खाने से बचना चाहिए.
क्या शुक्रवार को खट्टा नहीं खाना चाहिए
जो लोग संतोषी माता की पूजा करते हैं, वो शुक्रवार को खट्टा नहीं खाते. जिनका शुक्र खराब हो, उन्हें भी खट्टा खाने से बचना चाहिए. बाकी सामान्य स्थितियों में आप कभी भी खट्टा खा सकते हैं.