Salt Astrology: नमक का ज्योतिष में क्या है महत्व, इसका शुक्र और चंद्रमा से है खास कनेक्शन, जानें इसके चमत्कारी प्रयोग 

ज्योतिष शास्त्र में नमक को चंद्रमा और शुक्र ग्रह का प्रतिनिधि माना जाता है. वैसे लोग जो दूसरों से बार-बार नमक मांगकर इस्तेमाल करते हैं, उनका शुक्र ग्रह कमजोर होने लगता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार शाम के समय नमक उधार देना शुभ नहीं माना जाता.

Astrological use of salt
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:33 PM IST

नमक को एक विशेष तरह का रसायन कहा जा सकता है. यह कई प्रकार का होता है. इसमें समुद्री नमक और पहाड़ी नमक प्रमुख है. पहाड़ी नमक को सेंधा नमक कहते हैं. व्रत में इसका खूब प्रयोग होता है. ज्योतिष में दोनों ही प्रकार के नमकों का अलग-अलग प्रयोग होता है. ज्योतिष में इसको शुक्र और चंद्रमा से जोड़ते हैं. इसके प्रयोग से शुक्र और चंद्रमा सीधे प्रभावित होते हैं. दैनिक जीवन में इसके प्रयोग में विशेष सावधानी रखनी चाहिए. आपको मालूम हो कि शुक्र ग्रह हमारे जीवन में धन, ऐश्वर्य, भौतिक सुख-सुविधाओं और दांपत्य जीवन का कारक है. चंद्रमा हमारे मन की स्थिति, भावनाओं और मानसिक शांति को नियंत्रित करता है.

नमक के प्रयोग में क्या रखें सावधानी 
नमक को हमेशा कांच के पात्र में रखें. नमक को बर्बाद न करें, जमीन पर न गिराएं. नमक को सीधे किसी व्यक्ति के हाथ में न दें, अन्यथा संबंध बिगड़ सकते हैं. नमकीन भोजन या नमक उसी व्यक्ति का ग्रहण करें, जिस व्यक्ति के संस्कार अच्छे हों. मजबूरी या दबाव में हर व्यक्ति का नमक ग्रहण नहीं करना चाहिए.  ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जो लोग दूसरों से बार-बार नमक मांगकर इस्तेमाल करते हैं, उनका शुक्र ग्रह कमजोर होने लगता है. शुक्र के कमजोर होने का सीधा असर आर्थिक स्थिति पर पड़ता है. फिजूलखर्ची बढ़ती है, बचत कम हो जाती है और व्यक्ति को अचानक पैसों की कमी का सामना करना पड़ सकता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार सूर्यास्त यानी शाम के समय नमक उधार देना शुभ नहीं माना जाता.

नमक का ज्योतिष के अनुसार कैसे करें प्रयोग
यदि कुंडली में चन्द्र कमजोर हो तो समुद्री नमक का प्रयोग न करें. ऐसी दशा में सेंधा नमक लाभकारी होगा. मंगल कमजोर हो तो समुद्री नमक का प्रयोग लाभकारी होता है. घर में नमक के पात्र में लौंग डालकर रखें, समृद्धि बनी रहेगी. घर में नमक के पानी का पोंछा लगाना भी खूब लाभकारी होता है. 

क्या हैं नमक के चमत्कारी प्रयोग 
यदि मन अशांत हो तो नमक मिले जल से स्नान करें. नमक का टुकड़ा कमरे के कोने में रख देने से कमरे में नकारात्मक ऊर्जा नहीं रहती. यदि नजर दोष का चक्कर हो तो सर से नमक वारकर चलते पानी में बहाएं. लम्बे समय से बीमार हों तो सिरहाने कांच के पात्र में नमक रखें. इसे सप्ताह भर में बदल दें, शीघ्र लाभ होगा. शुक्र समस्या दे रहा हो तो नमक का दान खूब लाभकारी होता है. 


 

Read more!

RECOMMENDED