हर वस्तु और व्यक्ति से विशेष तरह की ऊर्जा निकलती है. ज्योतिषी शैलेन्द्र पाण्डेय के मुताबिक यदि वस्तु ठीक हो तो उसकी ऊर्जा शुभ होती है. यदि वस्तु खराब स्थिति में हो तो उससे नकारात्मक ऊर्जा निकलती है.
यह नकारात्मक ऊर्जा घर के माहौल और लोगों के भाग्य, दोनों को खराब करती है. कुछ छोटी-छोटी हमरी ही चीजों से दुर्भाग्य पैदा होता रहता है. आइए जानते हैं कि घर में कौन-कौन सी चीजें दुर्भाग्य का कारण बनती हैं? आईने को हमेशा साफ रखें. गंदे आईने में चेहरा देखने से बचें. ऐसा करने से भाग्य कमजोर होता जाता है.
1. बंद घड़ियां कैसे जीवन में लाती हैं दुर्भाग्य
घड़ियां आपको जीवन में आगे ले जाती हैं. ये आपके बुरे समय को टाल भी सकती हैं. घर में बंद घड़ियां बिलकुल न रखें. इससे आपकी किस्मत एक जगह पर रुक जाएगी. आपका खराब समय समाप्त होने का नाम ही नहीं लेगा.
2. बंद ताला
ताला, आपकी किस्मत को खोल भी सकता है और हमेशा के लिए बंद भी कर सकता है. घर में खराब या बंद ताले न रखें. इससे करियर में रुकावट आ जाएगी. विवाह हो पाना मुश्किल हो जाएगा.
3. खराब या फटे जूते-चप्पल
जूते-चप्पल का संबंध आपके संघर्ष से है. जीवन में संघर्ष को कम करना चाहते हों तो जूते-चप्पल ठीक रखें. घर में पुराने, फटे या खराब जूते-चप्पल रखने से संघर्ष बढ़ेगा. हर काम के लिए कदम-कदम पर मेहनत करनी पड़ेगी. ऐसे जूते-चप्पलों को शनिवार को हटा दें या बांट दें.
4. खराब या फटे-पुराने कपड़े
कपड़ों का सीधा संबंध आपके भाग्य से है. घर में अनुपयोगी या खराब कपड़े हमेशा दुर्भाग्य लाते हैं. ऐसे कपड़ों को हटा देना या बांट देना ही बेहतर है. अन्यथा भाग्य आपका साथ देना बंद कर देगा.
5. देवी-देवताओं की पुरानी मूर्तियां और चित्र
देवी-देवताओं की मूर्तियां और चित्र एक निश्चित समय तक शुभ तरंगे देते हैं. इसके बाद उनसे नकारात्मक तरंगे निकलने लगती हैं. इसलिए पुरानी मूर्तियों और चित्रों को समय-समय पर बदलते रहना चाहिए. इसके बाद भी इनका प्रयोग करते रहने से मानसिक स्थिति बिगड़ सकती है. इनको समय पर हटाकर जमीन में दबा दें, या जल प्रवाहित कर दें.