केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लागू होने का इंतजार कर रहे हैं. वे जानना चाहते हैं कि 8वां वेतन आयोग आखिर कब लागू होगा, कितनी बढ़ेगी सैलरी और एरियर का पैसा कब और कितना बैंक खाते में आएगा? आज हम आपको इन्हीं सवालों का जवाब दे रहे हैं.
आपको मालूम हो कि अभी 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor), वेतन बढ़ोतरी को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनर्स और दूसरे हितधारकों से बातचीत हो रही है. बेंगलुरु में 7 अक्टूबर और 8 अक्टूबर को बैठक प्रस्तावित है. मुंबई में 22 और 23 अक्टूबर को 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चा होनी है. इससे पहले सितंबर में चंडीगढ़, चेन्नई, पुडुचेरी और जयपुर में बैठकों का दौर पूरा हो चुका है. कर्मचारी संगठनों ने अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के सुझाव दिए हैं.
क्या होता है फिटमेंट फैक्टर
फिटमेंट फैक्टर एक मल्टीप्लायर नंबर है. इसका इस्तेमाल केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों को संशोधित करने के लिए किया जाता है. फिटमेंट फैक्टर महंगाई, कर्मचारियों की रोजमर्रा का खर्च और सरकार की वित्तीय क्षमता जैसे विभिन्न कारकों पर विचार करके निर्धारित किया जाता है. फिटमेंट फैक्टर में मौजूदा बेसिक सैलरी से गुणा करके नई बेसिक सैलरी निकाली जाती है. फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, उतनी ही अधिक सैलरी बढ़ेगी. 7वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 था. इससे कर्मचारियों की सैलरी बढ़कर कम से कम 18000 रुपए हो गई.
नई बेसिक सैलरी निकालने का फॉर्मूला
1. पुरानी बेसिक सैलरी × फिटमेंट फैक्टर = नई बेसिक सैलरी
2. पुरानी बैसिक सैलरी ₹18000 × फिटमेंट फैक्टर 1.92 = नई बेसिक सैलरी 34560 रुपए
3. इस तरह से बेसिक सैलरी में 16560 रुपए का उछाल. यही बेसिक आगे पूरी ग्रॉस सैलरी का आधार बनेगा.
फिटमेंट फैक्टर कितना लागू करने की मांग
केंद्र सरकार के कर्मचारियों के प्रमुख संगठन नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर और न्यूनतम बेसिक सैलरी 18000 रुपए से बढ़ाकर 69000 रुपए करने की मांग की है. ऑल इंडिया डिफें एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) ने भी 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है. उधर, रेलवे कर्मचारियों के संगठन Indian Railways Technical Supervisors Association (IRTSA) ने सभी कर्मचारियों पर एक समान फिटमेंट फैक्टर लागू करने की जगह अलग-अलग वेतन स्तरों के लिए 5 अलग फिटमेंट फैक्टर्स लागू करने की मांग की है. इसने 2.92 से 4.38 तक फिटमेंट फैक्टर का सुझाव दिया है. कुछ संगठन फिटमेंट फैक्टर 3.88 की भी मांग कर रहे हैं. आपको मालूम हो कि ये सभी सुझाव अलग-अलग कर्मचारी और पेंशनभोगी संगठनों के अनुमान और मांगों पर आधारित है. 8वां वेतन आयोग फिटमेंट फैक्टर तय करते समय इन सुझावों पर विचार करेगा. हालांकि अंतिम फैसला 8वां पे कमीशन ही करेगा. वह अपना अलग फिटमेंट फैक्टर भी रख सकता है.
8वें वेतन आयोग में देरी पर कितना बनेगा एरियर
7वां पे कमिशन 1 जनवरी 2016 से लागू माना गया था, लेकिन सरकार ने इसे जून 2016 में मंजूरी दी थी. इसको देखते हुए कहा जा सकता है कि 8वां वेतन आयोग की सिफारिशों को चाहे सरकार जब भी मंजूरी दे लेकिन इसे 1 जनवरी 2026 से ही लागू माना जाएगा. ऐसे में बढ़ी हुई सैलरी इसी तारीख से जोड़कर दी जाएगी. एरियर की गणना भी 1 जनवरी 2026 से ही होगी. एरियर का भुगतान पुरानी तारीख से ही जोड़कर किया जाएगा. कितना एरियर बनेगा, यह कर्मचारी के लेवल, मौजूदा बेसिक पे, फिटमेंट फैक्टर और देरी के महीनों पर निर्भर करेगा. यदि 1 जनवरी 2026 से नई सैलरी लागू मानी जाती है और सरकार 2027 में इसे लागू करती है तो कर्मचारियों को लगभग 20 महीने का एरियर मिल सकता है. एक अनुमान के अनुसार लेवल-1 कर्मचारी को 20 महीनों का एरियर करीब 5.65 लाख रुपए तक मिल सकता है. लेवल-5 कर्मचारी को 9 लाख रुपए से ज्यादा का एरियर मिलने की संभावना जताई जा रही है. लेवल 8 कर्मचारी के लिए 24 महीने की देरी और 2.57 फिटमेंट फैक्टर के अनुमान में एरियर करीब ₹17.94 लाख तक पहुंच सकता है.
लेवल 6 कर्मचारियों को कितना एरियर
लेवल 6 के कर्मचारियों के लिए मौजूदा बेसिक पे 35400 रुपए मानी गई है. अलग-अलग संभावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर एरियर में बड़ा अंतर दिखाई देता है. 2.15 फिटमेंट फैक्टर पर संशोधित बेसिक पे ₹76,110 बनती है. इस हिसाब से 20 महीने की देरी का अनुमानित एरियर करीब ₹8.14 लाख, जबकि 24 महीने की देरी पर करीब ₹9.77 लाख हो सकता है. यदि फिटमेंट फैक्टर 2.28 माना जाए, तो यही एरियर 20 महीने में करीब ₹9.06 लाख और 24 महीने में करीब ₹10.87 लाख हो सकता है. वहीं 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर अनुमानित एरियर 20 महीने के लिए करीब ₹11.12 लाख और 24 महीने के लिए करीब ₹13.34 लाख तक पहुंच सकता है.
लेवल 7 कर्मचारियों को कितना एरियर
लेवल 7 में मौजूदा बेसिक पे ₹44,900 मानी गई है. यदि 2.15 फिटमेंट फैक्टर लगाया जाए, तो बेसिक पे में अनुमानित बढ़ोतरी ₹51,635 होगी. इस आधार पर 20 महीने का एरियर करीब ₹10.33 लाख और 24 महीने का करीब ₹12.39 लाख हो सकता है. 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर बेसिक पे में अनुमानित बढ़ोतरी ₹70,493 होगी. ऐसे में 20 महीने का एरियर करीब ₹14.10 लाख और 24 महीने का करीब ₹16.92 लाख तक पहुंच सकता है.
8वें वेतन आयोग की सिफारिशें कब तक आएंगी
आपको मालूम हो कि 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. नवंबर 2025 में इसके टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) तय किए गए थे. आयोग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से अधिकारिक सिफारिशें फरवरी या अप्रैल 2027 तक आ सकती हैं. पिछले ट्रेंड्स को देखें तो वेतन आयोग की सिफारिश आने के बाद उन्हें लागू करने में दो से तीन साल लग जाते हैं. इसका मतलब है 2027 में घोषित होने वाली बढ़ोतरी पूरी तरह 2029 या 2030 तक लागू हो सकती है.
फिटमेंट फैक्टर 3.88 हुआ तो कितनी बढ़ जाएगी सैलरी