Airtel यूजर्स के लिए जरूरी खबर है. कंपनी ने अपने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. जी हां, अब ग्राहकों को हर महीने ₹50 ज्यादा चुकाने होंगे. यानी सालभर में बिल पर कुल ₹600 का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. हालांकि, बढ़ी कीमत के साथ कंपनी ने एक नया फायदा भी जोड़ा है. नए पोस्टपेड प्लान में हर सिम पर साल में एक बार फ्री इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा मिलेगी. नए प्लान 8 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे.
₹50 महंगे हुए Airtel के पोस्टपेड प्लान
Airtel ने अपने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में ₹50 तक की बढ़ोतरी की है. इसके साथ कंपनी ने इंटरनेशनल रोमिंग का नया फायदा जोड़ा है. Airtel के मुताबिक, इस रोमिंग बेनिफिट की कीमत करीब ₹2,000 तक हो सकती है. हालांकि, यह फायदा उन ग्राहकों के लिए ज्यादा काम का है जो साल में कम से कम एक बार विदेश यात्रा करते हैं. Airtel का सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान अब ₹499 से शुरू होगा. इसमें एक सिम के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा, स्पैम और फ्रॉड से सुरक्षा, Xstream Play Premium और Google One जैसे फायदे मिलेंगे.
फैमिली प्लान में मिलेंगे कई सिम
फैमिली पोस्टपेड यूजर्स के लिए ₹749 का प्लान दो सिम के साथ आता है. वहीं ₹1,049 वाले प्लान में तीन सिम, ₹1,249 और ₹1,449 वाले प्लान में चार सिम और ₹1,799 वाले प्लान में पांच सिम मिलेंगे. इन प्लान के साथ अलग-अलग सब्सक्रिप्शन भी दिए जाते हैं. इनमें Amazon Prime, JioHotstar, Apple Music, Apple iCloud+, Netflix और Xstream Play Premium जैसे फायदे शामिल हैं.
हर सिम को साल में एक बार फ्री रोमिंग
Airtel के नए पोस्टपेड प्लान का सबसे बड़ा फायदा इंटरनेशनल रोमिंग है. हर सिम पर साल में एक बार पांच दिन का फ्री इंटरनेशनल रोमिंग पैक मिलेगा. इसमें 5GB मोबाइल डेटा, 60 मिनट की कॉलिंग और 25 आउटगोइंग SMS के साथ इनकमिंग SMS की सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि ग्राहक इस पैक को विदेश जाने के समय अपनी जरूरत के हिसाब से एक्टिवेट कर सकेंगे. फैमिली प्लान में शामिल हर सिम को भी यह सुविधा अलग से मिलेगी.
पुराने ग्राहकों का क्या होगा?
मौजूदा Airtel पोस्टपेड ग्राहक भी नए प्लान पर अपग्रेड कर सकते हैं. इसके लिए Airtel App या नजदीकी Airtel स्टोर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: