अक्सर लोग अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का सपना देखते हैं. पर निवेश की कमी उन्हें सपना साकार करने से लिए कदम उठाने से रोक देती है. बहुत से लोगों को लगता है कि बिजनेस शुरू करने के लिए लाखों रुपए की जरूरत होती है, जबकि सच्चाई इससे काफी अलग है. आज के समय में कई ऐसे छोटे बिजनेस हैं जिन्हें बेहद कम निवेश के साथ शुरू किया जा सकता है और धीरे-धीरे उन्हें बड़े कारोबार में बदला जा सकता है. अगर आपके पास 10,000 रुपए तक का बजट है, तो भी आप अपने बिजनेस के सपने को हकीकत में बदल सकते हैं.
स्मार्टफोन आज हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है. ऐसे में मोबाइल रिपेयरिंग का काम हमेशा मांग में रहता है. यदि आप इस सेक्टर की ट्रेनिंग ले लेते हैं, तो कम लागत में अपना छोटा रिपेयरिंग सेंटर शुरू कर सकते हैं. शुरुआत में कुछ जरूरी टूल्स की जरूरत होगी, जिसके बाद आप ग्राहकों की संख्या बढ़ाकर हर महीने अच्छी आय आने लगेगी. यह उन लोगों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है जो तकनीकी काम में रुचि रखते हैं.
अगर आपको खाना बनाना पसंद है, तो क्लाउड किचन आपके लिए शानदार अवसर हो सकता है. इस बिजनेस में अलग दुकान या बड़े निवेश की आवश्यकता नहीं होती. आप अपने घर के किचन से ही स्वादिष्ट भोजन तैयार कर ऑनलाइन ऑर्डर लेना शुरू कर सकते हैं. बढ़ती ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाओं ने इस सेक्टर में कम निवेश वाले कारोबारियों के लिए नए रास्ते खोल दिए हैं.
डिजिटल दुनिया में कंटेंट की मांग लगातार बढ़ रही है. यदि आपको लिखना, वीडियो बनाना या किसी विषय पर जानकारी शेयर करना पसंद है, तो कंटेंट क्रिएशन एक शानदार करियर विकल्प बन सकता है. ब्लॉग, वेबसाइट, यूट्यूब चैनल या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आप अपनी पहचान बना सकते हैं. समय के साथ ऐड, ब्रांड प्रमोशन और अन्य जरिए से अच्छी कमाई की जा सकती है.
आज भी लोग घर में बने अचार, पापड़, केक और चॉकलेट जैसी चीजों को काफी पसंद करते हैं. यदि आपके पास इन उत्पादों को बनाने का हुनर है, तो आप छोटे स्तर से इसकी शुरुआत कर सकते हैं. स्थानीय बाजारों के अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकता है. कम लागत और बढ़ती मांग इसे अट्रैक्टिव बिजनेस बनाता है.
कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. लोग अब खास मौकों पर नाम, फोटो या संदेश वाले गिफ्ट देना पसंद करते हैं. टी-शर्ट प्रिंटिंग, कस्टम मग, फोटो फ्रेम और अन्य पर्सनलाइज्ड उत्पादों का कारोबार कम निवेश में शुरू किया जा सकता है. ऑनलाइन मार्केटप्लेस और सोशल मीडिया की मदद से आप अपने ग्राहकों का दायरा तेजी से बढ़ा सकते हैं.