Advertisement

Part-Time Business Ideas: महीने के अंत में उधार लेने की पड़ती है जरूरत? जानें सैलरी के अलावा कमाई के 5 रास्ते, करोड़ों की हो सकती है आमदनी

बढ़ती महंगाई के दौर में केवल सैलरी पर निर्भर रहना मुश्किल होता जा रहा है. नौकरी के साथ छोटे 5 बेहतरीन और कम लागत वाले बिजनेस शुरू करके अतिरिक्त कमाई का रास्ता आप खोल सकते हैं.

सैलरी के अलावा कमाई के 5 रास्ते
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:43 PM IST

कौन पैसे कमाना नहीं चाहता? धीरे-धीरे चीजें महंगी होती जा रही हैं और हर कोई चाहता है कि वह अपनी पसंद की लाइफस्टाइल अफोर्ड कर सके. अच्छी लाइफस्टाइल और लग्जरी का मजा तभी लिया जा सकता है, जब आपकी कमाई भी अच्छी हो. उदाहरण के तौर पर आपने अपने किसी ऐसे कलीग को जरूर देखा होगा, जिसकी सैलरी आपके बराबर है, लेकिन उसके पास महंगा फोन है, वह गाड़ी से ऑफिस आता है और उसका पर्स से लेकर बाकी सामान तक काफी क्लासी होता है. ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि वह सिर्फ अपनी सैलरी पर निर्भर नहीं है.

दरअसल, सैलरी की एक सीमा होती है और जिसकी खाते में आने से पहले ही कई खर्च तय रहते हैं. ज्यादातर लोगों की कमाई घर के किराये, बच्चों की स्कूल फीस, ऑफिस आने-जाने, इलाज और छोटे-छोटे डेली खर्चों में निकल जाती है. कई बार तो महीने के आखिर में उधार लेने की नौबत भी आ जाती है. अगर आप भी इस स्थिति से बाहर निकलना चाहते हैं, तो अपनी स्किल्स पहचानकर नौकरी के साथ कोई दूसरा काम शुरू कर सकते हैं.

इसके लिए जरूरी नहीं कि आप शुरुआत में ही बहुत ज्यादा पैसा लगाएं या नौकरी छोड़ दें. कुछ ऐसे काम भी हैं, जिन्हें सीमित बजट और समय के साथ शुरू किया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 बिजनेस आइडिया, जिनसे आप अपनी सैलरी के अलावा कमाई का एक और रास्ता बना सकते हैं.

1. रियल एस्टेट में बनाएं कमाई का रास्ता
रियल एस्टेट ऐसा क्षेत्र है, जहां बिना प्रॉपर्टी खरीदे भी काम शुरू किया जा सकता है. अगर आपकी लोगों से बातचीत अच्छी है और आप अपने शहर के अलग-अलग इलाकों को जानते हैं, तो प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री और किराये पर दिलाने का काम कर सकते हैं. शुरुआत में आपको खुद ऑफिस खोलने की भी जरूरत नहीं है. आप अपने आसपास के मकान मालिकों, फ्लैट मालिकों और प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने वालों से संपर्क बनाएं. इसके बाद ऐसे लोगों की तलाश करें, जिन्हें घर किराये पर चाहिए या जो प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं. मकान या फ्लैट किराये पर दिलाने पर कमीशन मिल जाता है. वहीं, खरीद-बिक्री के सौदे में भी कमीशन के जरिए कमाई हो सकती है. शुरुआत में मोबाइल फोन, इंटरनेट और लोगों से संपर्क बनाने पर ध्यान देना होगा. 

2. ऑफिस हब के पास फ्लैट लेकर शुरू करें PG का काम
अगर आप शहर में नौकरी करते हैं और आपके आसपास ऑफिस हब या बड़े कॉरपोरेट ऑफिस हैं, तो PG का बिजनेस बढ़िया हो सकता है. इसके लिए आप अपनी कुछ बचत और जरूरत पड़ने पर बैंक लोन की मदद से किसी 3BHK फ्लैट को खरीद लें. फ्लैट मिलने के बाद हर कमरे में दो बेड लगाए जा सकते हैं. साथ में एसी, पंखा, गीजर और लाइट जैसी जरूरी सुविधाएं दें. सफाई के लिए एक कर्मचारी रख सकते हैं और खाना बनाने के लिए किचन की सेल्फ-सर्विस व्यवस्था रख सकते हैं. बिजली का खर्च भी तय नियमों के मुताबिक अलग से लें.

अब कमाई का हिसाब समझिए. अगर आपके PG में कुल छह बेड हैं और आप हर बेड का किराया 12,000 रुपये रखते हैं, तो सभी बेड भरने पर महीने का कुल किराया 72,000 रुपये होगा. इसमें से फ्लैट का EMI, साफ-सफाई और रखरखाव का खर्च निकालना होगा. बिजली का बिल किरायदार से लें. इसके बाद जो रकम बचेगी, उससे लोन की EMI भरें और कुछ पैसे अपने पास रखें. ऑफिस पास किराया महंगा होता है, इसलिए चांसेस है कि कमरा जल्दी भरेगा. फिर जब बैंक का पुराना लोग पूरा हो जाए, तो नया फ्लैट लोन पर खरीद लें. नए फ्लैट से EMI भरे और पुराने से मिलने वाले पैसों को निवेश कर और कमाएं. 

3. गांव में शुरू करें प्रोडक्शन का काम
अगर आप गांव में रहते हैं और वहीं रहकर कोई काम शुरू करना चाहते हैं, तो छोटे स्तर पर प्रोडक्शन यूनिट लगाने के बारे में सोच सकते हैं. इसके लिए कच्चा माल खुद उगा सकते हैं या आसपास के किसानों से खरीद सकते हैं. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर अच्छे दाम पर खरीदार मिल जाएंगे. 

उदाहरण के लिए, अगर आपके इलाके में मक्के की खेती होती है, तो आप पॉपकॉर्न बनाने की छोटी मशीन लगाकर काम शुरू कर सकते हैं. किसानों से मक्का खरीदें, उसे प्रोसेस करके पैक करें और आसपास की दुकानों, किराना स्टोर या दूसरे स्थानीय विक्रेताओं तक पहुंचाएं. इस काम की एक खास बात यह है कि आपको स्थानीय स्तर पर ही मजदूर और कर्मचारी मिल जाएंगे. इससे गांव के लोगों को रोजगार के लिए बाहर भी नहीं जाना पड़ेगा. गांव में आपकी इज्जत अलग से बढ़ेगी.

4. पानी के फिल्टर की रिपेयरिंग और सप्लाई का काम करें
नौकरी के साथ कोई ऐसा काम करना चाहते हैं, जिसमें रोजाना कुछ घंटे देकर कमाई की जा सके, तो पानी के फिल्टर की सर्विसिंग और रिपेयरिंग का काम सीख सकते हैं. शहरों में कई घरों और दुकानों में RO या दूसरे वाटर फिल्टर लगे होते हैं. इनमें समय-समय पर सर्विसिंग, फिल्टर बदलने और छोटी-मोटी रिपेयरिंग की जरूरत पड़ती है.

सबसे पहले किसी जानकार से यह काम सीखें. इसके बाद जरूरी औजार खरीदकर अपने इलाके में ग्राहकों से संपर्क बनाना शुरू करें. शुरुआत अपने परिचितों और आसपास के घरों से काम शुरू करें. धीरे-धीरे ग्राहक बढ़ने पर सर्विसिंग के लिए नियमित बुकिंग मिलने लगेगा.

इस काम में शुरुआती खर्च मुख्य रूप से औजार, आने-जाने के पेट्रोल और जरूरी पार्ट्स पर होगा. मान लीजिए किसी दिन आपको सर्विसिंग के काम से 1,000 रुपये मिलते हैं, तो महीने में 27 दिन काम करने पर कुल कमाई 27,000 रुपये हो सकती है. अगर आप नौकरी के बाद या छुट्टी वाले दिन भी काम करते हैं, तो यह अतिरिक्त कमाई का रास्ता बन सकता है.

5. छोटे दुकानदारों और बिजनेस के लिए सोशल मीडिया संभालें
आजकल छोटी दुकानों से लेकर रेस्टोरेंट, ब्यूटी पार्लर और कोचिंग सेंटर तक हर कोई सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाना चाहता है. लेकिन कई दुकानदारों के पास इतना समय नहीं होता कि वे रोज पोस्ट बनाएं, वीडियो डालें और अपने पेज को संभाल सकें. ऐसे में आप उनके लिए सोशल मीडिया मैनेज करने का काम शुरू कर सकते हैं.

इसके लिए आपको शुरुआत में किसी बड़े ऑफिस या महंगे सेटअप की जरूरत नहीं होगी. मोबाइल या लैपटॉप से Canva जैसे टूल पर पोस्ट बनाना, छोटे वीडियो एडिट करना, कैप्शन लिखना और पोस्ट शेड्यूल करना सीख लें. इसके बाद अपने आसपास की दुकानों और छोटे कारोबारियों से बात करें और उन्हें उनके सोशल मीडिया पेज को संभालने की सर्विस दें.

शुरुआत में एक-दो क्लाइंट लेकर काम करें. उनके लिए महीने में तय संख्या में पोस्ट, रील और स्टोरी तैयार करके कमाई कर सकते हैं. हर क्लाइंट से पैसों की बात पहले ही कर लें. जैसे-जैसे आपका काम पसंद किया जाएगा, दूसरे क्लाइंट भी जुड़ते जाएंगे. इस काम की खासियत यह है कि इसे नौकरी के बाद घर से भी किया जा सकता है और शुरुआत में लागत भी कम रहती है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement