आज के समय में नौकरी के साथ-साथ लोग खुद का छोटा बिजनेस शुरू करने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. कई लोगों का सपना होता है कि वे अपना खुद का काम शुरू करें और अच्छी कमाई करें, लेकिन अक्सर पैसों की कमी की वजह से लोग पीछे हट जाते हैं. लेकिन हर बिजनेस शुरू करने के लिए लाखों रुपये की जरूरत नहीं होती. कुछ ऐसे छोटे बिजनेस आइडिया भी हैं जिन्हें केवल कुछ हजार के निवेश से ही लाखों कमाए जा सकते हैं. ये वाले बिजनेस आइडिया गर्मियों के लिए सबसे बेस्ट हैं.
मैंगो शेक बिजनेस से करें कमाई
गर्मी के मौसम में आम और आम से बनने वाली चीजों की मांग तेज होती है. ऐसे में मैंगो शेक का बिजनेस काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. लोग गर्मी में ठंडी और स्वादिष्ट ड्रिंक पीना पसंद करते हैं और मैंगो शेक लगभग हर उम्र के लोगों की पसंद होता है. इस बिजनेस को शुरू करने के लिए ज्यादा बड़े निवेश की जरूरत नहीं पड़ती. एक मिक्सर ग्राइंडर, दूध, आम, चीनी, ड्राई फ्रूट्स और बर्फ जैसी जरूरी चीजों के साथ आप आसानी से छोटा स्टॉल या दुकान शुरू कर सकते हैं. भीड़भाड़ वाली जगह पर यह बिजनेस तेजी से चल सकता है.
फ्रूटचाट की दुकान का बढ़ता ट्रेंड
गर्मी के दिनों में लोग खुद को हाइड्रेट रखने के लिए तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे फलों का खूब सेवन करते हैं. ऐसे में पानीदार फलों की दुकान लगाना भी कम लागत वाला अच्छा बिजनेस माना जाता है. अगर आप ताजे और अच्छी क्वालिटी के फल बेचते हैं, तो ग्राहक खुद आपकी दुकान तक पहुंचेंगे. आप कम दाम में मंडी से फल खरीद अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं. साथ ही लोकेशन के लिए सड़क किनारे या बाजार के पास छोटा स्टॉल लगाकर भी इस काम की शुरुआत की जा सकती है.
गन्ने के जूस से निकलेगा पैसों का रस
गर्मी में गन्ने का रस लोगों की पहली पसंद बन जाता है. यह स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ठंडक भी देता है. यही वजह है कि शुगरकेन जूस की दुकान गर्मी में तेजी से चलती है. इस बिजनेस को शुरू करने के लिए आपको एक जूस मशीन और छोटा ठेला या दुकान की जरूरत होगी. लगभग 20 से 50 हजार रुपये के निवेश में यह काम शुरू किया जा सकता है. अगर आपकी दुकान किसी मार्केट, स्कूल, कॉलेज या ऑफिस एरिया के पास है, तो कमाई और भी बेहतर हो सकती है.
यहां बताए गए सभी बिजनेस ऐसे हैं जिन्हें कम जगह और कम पैसों में शुरू किया जा सकता है. इनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें रोजाना बिक्री होती है और कैश इनकम भी तुरंत मिलती है. अगर आप नौकरी के साथ पार्ट टाइम बिजनेस शुरू करना चाहते हैं या खुद का छोटा काम शुरू करने की सोच रहे हैं, तो गर्मी के मौसम में ये बिजनेस आइडिया आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं.