अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से PF यानी प्रोविडेंट फंड का पैसा कटता है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. कर्मचारी की सैलरी से काटा गया PF समय पर उसके खाते में जमा हो, इसके लिए नियोक्ता को हर महीने ECR यानी Electronic Challan cum Return फाइल करना होता है. जुलाई महीने की सैलरी से जुड़े PF कंट्रीब्यूशन के लिए ECR फाइल करने और भुगतान करने की आखिरी तारीख आज, 15 अगस्त है.
आज ही पूरा करना होगा ECR का काम
EPFO से जुड़े सभी नियोक्ताओं को जुलाई महीने के कर्मचारियों के PF योगदान से संबंधित ECR आज ही फाइल करना होगा. इसके साथ ही PF कंट्रीब्यूशन का भुगतान भी तय समय सीमा के भीतर करना जरूरी है. अगर ECR फाइल करने या PF जमा करने में देरी होती है, तो नियोक्ता को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ECR के जरिए नियोक्ता अपने कर्मचारियों की सैलरी, PF योगदान और उससे जुड़ी जरूरी जानकारी EPFO के पास जमा करता है. इसी प्रक्रिया के आधार पर कर्मचारियों के PF खाते में योगदान अपडेट किया जाता है.
ECR फाइल हुआ या नहीं, ऐसे करें चेक
अगर आप अपने नियोक्ता द्वारा किसी महीने का ECR फाइल किए जाने की स्थिति देखना चाहते हैं, तो इसके लिए EPFO Employer Portal की मदद ली जा सकती है. इसके लिए सबसे पहले Employer Portal पर अपने Username और Password से लॉगिन करें.
इसके बाद पेमेंट सेक्शन में जाएं और ECR/Challan History का विकल्प चुनें. यहां आपको उस महीने का चयन करना होगा, जिसका रिकॉर्ड आप देखना चाहते हैं. महीने का चयन करने के बाद ECR की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देगी.
अगर PF का भुगतान पूरा हो चुका है, तो इसी सेक्शन से Challan Receipt भी डाउनलोड की जा सकती है. इस तरह नियोक्ता पुराने ECR रिकॉर्ड और PF भुगतान से जुड़ी जानकारी आसानी से चेक कर सकते हैं.
कर्मचारियों के लिए क्यों जरूरी है ECR?
ECR की प्रक्रिया पूरी होने से कर्मचारियों के PF योगदान का रिकॉर्ड अपडेट होता है. इसलिए नौकरीपेशा लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि उनके PF का पैसा समय पर जमा हो रहा है या नहीं. अगर लंबे समय तक PF खाते में योगदान अपडेट नहीं होता है, तो कर्मचारी अपने नियोक्ता से इसकी जानकारी ले सकते हैं.
ये भी पढ़ें: