Advertisement

Dhanteras 2026 Gold-Silver Buying Tips: धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदते समय न करें ये भूल, एक गलती से लग सकती है हजारों रुपए की चपत, ऐसे चेक कर सकते हैं असली है या नकली

धनतेरस के दिन सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. यदि आप भी सोना और चांदी खरीदना चाह रहे हैं तो आपको कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना होगा क्योंकि आपकी एक गलती से हजारों रुपए की चपत लग सकती है. ऐसे में आप बिना जांच-परख के सोना और चांदी की खरीदारी नहीं करें. आप कैरट, हॉलमार्क और खरीदारी के बिल की जांच जरूर करें. 

Gold-Silver Buying Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:25 PM IST

कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है. इस साल धनतेरस का पर्व 6 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा. धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी, धन के देवता कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है. धनतेरस के दिन सोना और चांदी खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है. यदि आप भी सोना और चांदी खरीदना चाह रहे हैं तो आपको कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना होगा क्योंकि आपकी एक गलती से हजारों रुपए की चपत लग सकती है. ऐसे में आप बिना जांच-परख के सोना और चांदी की खरीदारी नहीं करें. गलत कैरट चुनने से बड़ा नुकसान हो सकता है. आप हॉलमार्क और खरीदारी के बिल की जांच जरूर करें. 

गहना बनाने के लिए 24 कैरट, 22 कैरट या 18 कैरट... कौन सा सोना है सही
24 कैरट: 24 कैरट के सोना को सबसे शुद्ध माना जाता है. इसमें 99.9% शुद्ध सोना होता है. 24 कैरट का सोना बहुत नरम होता है. ऐसे में 24 कैरट से बने गहने आसानी से मुड़ सकते हैं या उन पर खरोंच आ सकती है. आपको मालूम हो कि 24 कैरट के सोने का इस्तेमाल सिर्फ बिस्किट, सिक्के या बार बनाने में किया जाता है.

22 कैरट: 22 कैरट के सोना 91.6% शुद्ध होता है. 22 कैरट के सोने में 8.4 प्रतिशत तांबा या चांदी जैसी धातुएं मिलाई जाती हैं. 22 कैरट का सोना गहना बनाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. 

18 कैरट: यह सोना 75.0 प्रतिशत शुद्ध होता है. इसमें 25% अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं. आपको मालूम हो कि डायमंड, रंगीन पत्थरों की ज्वेलरी और आधुनिक डिजाइनों के लिए 18 कैरट सोना सबसे अच्छा माना जाता है. 

सोने की शुद्धता कैसे जांचें
असली और शुद्ध हॉलमार्क सोने पर तीन मुख्य निशान पहला BIS लोगो, दूसरा कैरेट स्टाम्प और तीसरा 6 अंकों का HUID कोड होने चाहिए. BIS लोगो यह प्रमाणित करता है कि ज्वेलरी BIS द्वारा स्वीकृत है. कैरेट स्टाम्प जैसे 22K916 या 18K750. 6 अंकों का HUID कोड एक यूनिक 6-अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है.

आप BIS Care App डाउनलोड करके ऐप में HUID कोड डालकर चेक कर सकते हैं कि ज्वेलरी का प्रकार और शुद्धता वही है या नहीं जो बिल पर लिखी है. आप घर में सोने की जांच कर सकते हैं. आप सिरका या सेरामिक टाइल से घिसकर सोने की शुद्धता की जांच कर सकते हैं. ध्यान दें कि ये पूरी तरह सटीक नहीं होते. ऐसे में सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि आप हॉलमार्क और HUID कोड देखकर ही सोने की खरीदारी करें. ज्वेलरी का शुद्ध वजन, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्किंग सर्टिफिकेट का बिल जरूर लें. 

चांदी की शुद्धता कैसे जांचें 
चांदी की कोई भी चीज खरीदते समय सिर्फ कीमत और डिजाइन देखकर फैसला न करें. आपको मालूम हो कि चांदी पर लिखा नंबर बताता है कि उसमें 1000 हिस्सों में कितने हिस्से शुद्ध चांदी के हैं. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) चांदी के लिए 800, 835, 900, 925, 958, 970, 990 और 999 जैसे शुद्धता स्तरों को मान्यता देता है.

  • 999 चांदी 99.9% शुद्ध होती है. 
  • 925 चांदी 92.5% शुद्ध होती है. 
  • 800 चांदी 80% शुद्ध होती है. 

हॉलमार्क जरूर देखें
यदि चांदी खरीद रहे हैं तो हॉलमार्क जरूर देखें. बीआईएस का मानक चिह्न, चांदी की पहचान के लिए SILVER लिखा है या नहीं, शुद्धता का नंबर जैसे 800, 925 या 999 और 6 अंकों का अक्षर और नंबर वाला एचयूआईडी कोड है या नहीं यह भी जरूर चेक करें. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement