Investment By Saving: अगर 100 रुपए रोज निवेश करें, तो 5 साल में कितना पैसा मिलेगा.. SIP में इंवेस्ट करें या RD में?

Investment By Saving: बचत के पैसों को निवेश में बदल उसे फंड बनाना हर कोई चाहता है. लेकिन सवाल है कि निवेश को बाजार में लगाएं, या फिर सरकार पर भरोसा करें. साथ ही निवेश के लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं आप रोज के 100 रुपए से भी निवेश शुरू कर सकते हैं.

Investing 100 Daily For 5 Year
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:12 PM IST

अक्सर लोग यह सोचकर निवेश शुरू नहीं करते कि उनके पास बचत के लिए बड़ी रकम नहीं है. लेकिन सच यह है कि छोटी बचत भी समय के साथ बड़ा फंड तैयार कर सकती है. अगर आप रोजाना सिर्फ 100 रुपए बचाते हैं, तो महीने में यह रकम 3,000 रुपए और पांच साल में 1.80 लाख रुपए तक पहुंच जाती है.

अब सवाल यह है कि इस रकम को कहां निवेश किया जाए ताकि बेहतर रिटर्न मिल सके. इसके लिए पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (RD) और म्यूचुअल फंड SIP दो अच्छे ऑप्शन माने जाते हैं.

सुरक्षित निवेश का भरोसेमंद ऑप्शन

जो लोग बिना जोखिम के निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए पोस्ट ऑफिस की RD योजना एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इस स्कीम में आप कम से कम 100 रुपए से खाता शुरू कर सकते हैं. इस समय योजना पर 6.7 प्रतिशत के आसपास ब्याज मिलता है, हालांकि ब्याज दरों समय-समय पर सरकार द्वारा बदलती रहती हैं.

अगर कोई निवेशक पांच साल तक हर महीने 3,000 रुपए जमा करता है, तो उसकी कुल जमा राशि 1.80 लाख रुपए होगी. जिसपर करीब 6.5 प्रतिशत रिटर्न के हिसाब से 32,972 रुपए ब्याज मिलेगा. यानी मैच्योरिटी पर कुल रकम करीब 2.13 लाख रुपए तक पहुंच सकती है.

SIP में मिल सकता है ज्यादा रिटर्न

अगर यही 3,000 रुपए प्रति माह म्यूचुअल फंड SIP में निवेश किए जाएं, तो लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना रहती है. आमतौर पर इक्विटी आधारित SIP से करीब 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न का अनुमान लगाया जाता है, हालांकि यह बाजार की स्थिति पर निर्भर करता है.

ऐसी स्थिति में पांच साल के दौरान 1.80 लाख रुपए के निवेश पर लगभग 67,459 रुपए का लाभ मिल सकता है. इसका मतलब है कि मैच्योरिटी पर कुल फंड करीब 2.47 लाख रुपए तक पहुंच सकता है. यदि बाजार का प्रदर्शन बेहतर रहा और रिटर्न 12 प्रतिशत से अधिक मिला, तो यह राशि और भी बढ़ सकती है.

निवेश से पहले समझें जोखिम और सुरक्षा

SIP और RD दोनों की अपनी-अपनी खूबियां हैं. पोस्ट ऑफिस RD में आपकी पूंजी सुरक्षित रहती है और सरकार का भरोसा भी मिलता है. वहीं SIP बाजार से जुड़ा निवेश है, इसलिए इसमें जोखिम भी मौजूद रहता है. हालांकि लंबी अवधि में SIP ने निवेशकों को बेहतर रिटर्न देने का रिकॉर्ड बनाया है.

 

Read more!

RECOMMENDED