Advertisement

मोहाली में सलमान खान के नाम से 2 टावर, दुबई में शाहरुख खान की रेजिडेंस... 2500 करोड़ का लग्जरी दांव

दुबई में भी 2025 में शाहरुख खान के नाम से लग्जरी रेजिडेंस पेश किया गया है. Danube Properties का Shahrukhz Residences प्रोजेक्ट Dubai Maritime City में प्रस्तावित है. डेवलपर की घोषणा के मुताबिक, इसकी शुरुआती कीमत 16.5 लाख दिरहम है. इसमें स्टूडियो से लेकर एक, दो और तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट के साथ पेंटहाउस का विकल्प भी है.

GB Realty
आदित्य के. राणा
  • नई दिल्ली ,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:32 PM IST

मोहाली से दुबई तक लग्जरी रियल एस्टेट में सेलिब्रिटी और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के नाम पर घर बेचने का कारोबार बढ़ रहा है. पंजाब के मोहाली में रियल एस्टेट डेवलपर GB Realty ने लग्जरी वॉच और ज्वेलरी ब्रांड Jacob & Co. के साथ करीब 2,500 करोड़ के रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की घोषणा की है. इस प्रोजेक्ट में पांच टावर बनाने की योजना है. इनमें दो टावर सलमान खान के नाम से और बाकी तीन Jacob & Co. ब्रांड के तहत प्रस्तावित हैं. ये प्रोजेक्ट मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर करीब 9 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित है. प्रोजेक्ट में करीब 550 अपार्टमेंट होंगे और एक फ्लैट की शुरुआती कीमत 4-5 करोड़ रुपए हो सकती है. इनमें 3 और 4 BHK अपार्टमेंट्स बनाए जाने की योजना है.

दुबई में शाहरुख खान के नाम से रेजिडेंशियल टावर
दुबई में भी 2025 में शाहरुख खान के नाम से लग्जरी रेजिडेंस पेश किया गया है. Danube Properties का Shahrukhz Residences प्रोजेक्ट Dubai Maritime City में प्रस्तावित है. डेवलपर की घोषणा के मुताबिक, इसकी शुरुआती कीमत 16.5 लाख दिरहम है. इसमें स्टूडियो से लेकर एक, दो और तीन बेडरूम वाले अपार्टमेंट के साथ पेंटहाउस का विकल्प भी है. प्रोजेक्ट का प्रस्तावित हैंडओवर 2029 की चौथी तिमाही में है. भुगतान योजना 30:70 रखी गई है यानी 30 फीसदी भुगतान निर्माण के दौरान और बाकी 70 फीसदी हैंडओवर के समय किया जाना है. प्रोजेक्ट के पेंटहाउस का डिजाइन शाहरुख खान की पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ने तैयार किया है. इससे पहले Danube ने Shahrukhz नाम से कमर्शियल टावर भी पेश किया था. कंपनी ने दावा किया था कि लॉन्च के दिन ही इसकी पूरी बिक्री हो गई. अब रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के जरिए शाहरुख खान के नाम को लग्जरी घरों की मार्केटिंग से जोड़ा गया है.

भारत में 10 हजार से ज्यादा ब्रांडेड घर!
ब्रांडेड रेजिडेंस का बाजार अब कुछ चुनिंदा प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है. रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix और NOESIS की सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 10 प्रमुख बाजारों में इस तरह के घरों की कुल सप्लाई 10,452 यूनिट तक पहुंच गई. जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान 1,975 नई यूनिट जोड़ी गईं. कुल उपलब्ध सप्लाई में से करीब 68 फीसदी यूनिट खरीदारों ने ले ली थीं. इस दौरान लॉन्च हुई 1,975 यूनिट में से 1,616 यूनिट खरीदारों ने लीं. इन घरों का औसत टिकट साइज करीब ₹8.81 करोड़ है. देश की कुल ब्रांडेड रेजिडेंस सप्लाई में उत्तर भारत की हिस्सेदारी करीब 47 फीसदी है. रिपोर्ट में शामिल बाजारों में दिल्ली-NCR के पास सबसे ज़्यादा 15 ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट हैं. ब्रांडेड घरों की कीमत औसत रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के मुकाबले 25 से 44 फीसदी तक ज्यादा हो सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे में ये प्रीमियम 44 फीसदी, कोलकाता में 42 फीसदी, बेंगलुरु में 32 फीसदी, गुरुग्राम में 29 फीसदी, नोएडा और मुंबई में 26-26 फीसदी और हैदराबाद में 25 फीसदी है.

माइकल शूमाकर से मारिया शारापोवा तक प्रोजेक्ट्स
भारत में सेलिब्रिटी के नाम से रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पेश करने का चलन नया नहीं है. गुरुग्राम में फॉर्मूला-1 के पूर्व चैंपियन माइकल शूमाकर के नाम से Michael Schumacher World Tower और टेनिस स्टार मारिया शारापोवा के नाम से Ballet by Maria Sharapova प्रोजेक्ट पेश किए गए थे. लेकिन ये प्रोजेक्ट बीच में ही रुक गए और पूरे नहीं हुए. इनमें FIR से लेकर दिवालिया कानून तक की प्रक्रिया चल रही है. इसी तरह संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में भी Shah Rukh Khan Boulevard प्रोजेक्ट की घोषणा हुई थी. ये 2007 में सामने आया था, लेकिन 2008 में ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस के बाद रोक दिया गया.

ट्रंप टावर्स से Jacob & Co. तक, ब्रांडेड घरों की बढ़ती सूची
लग्जरी रियल एस्टेट में सिर्फ फिल्मी सितारों के नाम ही नहीं, बल्कि फैशन, ज्वेलरी, लाइफस्टाइल और हॉस्पिटैलिटी ब्रांड भी घरों की बिक्री में अहम भूमिका निभा रहे हैं. भारत में Trump, Tonino Lamborghini, ELIE SAAB और Westin जैसे ब्रांड से जुड़े रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट पेश किए गए हैं. दिल्ली-NCR में गुरुग्राम और नोएडा इस सेगमेंट के प्रमुख बाजार हैं. नोएडा में Jacob & Co. और ELIE SAAB से जुड़े रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट भी सूचीबद्ध हैं. अब मोहाली में Jacob & Co. का नाम जुड़ने से ब्रांडेड हाउसिंग का ये मॉडल बड़े महानगरों से आगे बढ़ता दिख रहा है. हालांकि, हर प्रोजेक्ट का कारोबारी मॉडल एक जैसा नहीं होता. कहीं ब्रांड का नाम और पहचान इस्तेमाल करने का लाइसेंस लिया जाता है, तो कहीं डिजाइन, इंटीरियर और खास सुविधाओं से जुड़ी सेवाएं भी शामिल होती हैं. इसलिए खरीदारों के लिए यह जानना जरूरी है कि संबंधित ब्रांड प्रोजेक्ट में वास्तव में कौन-सी भूमिका निभाएगा.

आखिर क्यों ब्रांड के नाम पर घर बेच रहे डेवलपर?
लग्जरी हाउसिंग में बड़े फ्लैट, क्लब, स्विमिंग पूल, जिम और सुरक्षा जैसी सुविधाएं कई प्रोजेक्ट में मिलती हैं. ऐसे में डेवलपर अपने प्रोजेक्ट को अलग पहचान देने के लिए चर्चित सेलिब्रिटी या अंतरराष्ट्रीय ब्रांड से जुड़ रहे हैं. इससे प्रोजेक्ट की मार्केटिंग में मदद मिल सकती है और ऐसे खरीदारों तक पहुंच बन सकती है जो घर के साथ खास डिजाइन और लाइफस्टाइल भी चाहते हैं. CRE Matrix और NOESIS के आंकड़े बताते हैं कि ब्रांडेड रेजिडेंस तुलनीय प्रोजेक्ट के मुकाबले प्रीमियम कीमत पर बिक रहे हैं.

ज्यादा कीमत चुकाने से पहले प्रॉपर्टी की लोकेशन, निर्माण की गुणवत्ता, डेवलपर का रिकॉर्ड, रखरखाव का खर्च और भविष्य में उसे दोबारा बेचने की संभावना देखना जरूरी है. सेलिब्रिटी या अंतरराष्ट्रीय ब्रांड का नाम देखकर घर खरीदने से पहले प्रोजेक्ट का RERA रजिस्ट्रेशन, जमीन से जुड़े दस्तावेज, निर्माण की समयसीमा और भुगतान की शर्तें जांचनी चाहिए. ब्रांड के साथ समझौता कितने समय के लिए है और घर मिलने के बाद खरीदारों को कौन-सी सुविधाएं मिलेंगी, ये भी साफ होना चाहिए. इस कारोबार की असली सफलता प्रोजेक्ट की गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी और खरीदारों को मिलने वाली सुविधाओं पर निर्भर करेगी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement