Advertisement

PNB ग्राहकों को बड़ा झटका! क्रेडिट कार्ड से ATM में पैसे निकालना होगा महंगा, लेट पेमेंट और रिवॉर्ड पॉइंट पर भी लगेगा नया चार्ज

अगर आप PNB क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो 1 नवंबर से आपको थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है. बैंक ने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कई सेवाओं के शुल्क बढ़ा दिए हैं. इसमें बिल पेमेंट जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं. ऐसे में अब कार्ड से भुगतान करने से पहले नए चार्ज की जानकारी जरूर ले लें.

PNB
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:49 PM IST

अगर आप पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. बैंक ने अपने Visa और RuPay क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नियमों में बदलाव किया है. नए नियम 1 नवंबर 2026 से लागू होंगे. इसके बाद क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना, बिल का भुगतान करना और रिवॉर्ड पॉइंट का इस्तेमाल करना पहले से महंगा हो सकता है. ऐसे में ग्राहकों को नए चार्ज के बारे में जान लेना चाहिए, ताकि बाद में उन्हें ज्यादा पैसे न देने पड़ें.

ATM से पैसे निकालने पर कितना लगेगा चार्ज?

नए नियमों के अनुसार, अब PNB क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए कैश निकालने पर ज्यादा शुल्क देना होगा. PNB के ATM से पैसे निकालने पर 2.5 फीसदी या कम से कम 400 रुपये का चार्ज लगेगा. वहीं, दूसरे बैंक के ATM और विदेश में कैश निकालने पर 2.5 फीसदी या कम से कम 500 रुपये देने होंगे. इन दोनों में जो रकम ज्यादा होगी, वही चार्ज के रूप में ली जाएगी. पहले यह शुल्क 2 फीसदी था और न्यूनतम चार्ज भी कम था.

लेट पेमेंट करने पर बढ़ेगी परेशानी

अगर आप क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर नहीं भरते हैं तो अब ज्यादा जुर्माना देना पड़ सकता है. 501 से 1,000 रुपये तक के बकाया पर 500 रुपये, 1,001 से 10,000 रुपये तक के बकाया पर 750 रुपये और 10,001 रुपये से ज्यादा के बकाया पर 1,000 रुपये का चार्ज लगेगा. पहले 1,000 रुपये तक के बकाया पर लेट पेमेंट फीस नहीं लगती थी.

रिवॉर्ड पॉइंट इस्तेमाल करना भी होगा महंगा

PNB ने रिवॉर्ड पॉइंट से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है. पहले ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रिवॉर्ड पॉइंट का इस्तेमाल कर सकते थे. लेकिन अब हर बार रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने पर 99 रुपये देने होंगे.

बिजली-पानी का बिल भरने पर भी लगेगा चार्ज

अगर आप क्रेडिट कार्ड से बिजली, पानी, वाई-फाई या LPG जैसे बिल भरते हैं तो इस पर भी ध्यान देना होगा. एक बिलिंग साइकिल में 50,000 रुपये से ज्यादा का यूटिलिटी बिल भरने पर 1 फीसदी शुल्क लगेगा. एक ट्रांजैक्शन पर यह चार्ज अधिकतम 2,000 रुपये होगा.

चेक बाउंस होने पर भी देना होगा शुल्क

क्रेडिट कार्ड का बकाया चुकाने के लिए दिया गया चेक वापस होने या ECS और ऑटो-डेबिट भुगतान फेल होने पर भुगतान राशि का 2 फीसदी चार्ज लगेगा. यह शुल्क कम से कम 400 रुपये होगा. फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े क्रेडिट कार्ड के लिए हर इंस्ट्रूमेंट पर 100 रुपये का शुल्क तय किया गया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement