हवाई अड्डे की सुरक्षा जांच गैजेट के शौकीन लोगों के लिए अक्सर मुश्किल होती है. जो लोग बहुत सारे उपकरण रखना पसंद करते हैं उनके पासी कई सारी चीजें होने की वजह से उन्हें वहां एक्सट्रा टाइम देना होता है.
लोग अलग-अलग ट्रे से सामान उठाते समय छोटे-छोटे तारों से चूक जाते हैं, लेकिन अब और नहीं. विमानन सुरक्षा निगरानी संस्था बीसीएएस ने हवाई अड्डों पर कंप्यूटर टोमोग्राफी तकनीक पर आधारित स्कैनर लगाने की सिफारिश की है, जिससे यात्रियों को स्कैनर से गुजरने से पहले अपने सामान से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निकालने की जरूरत नहीं होगी. वर्तमान में, हवाई अड्डों पर उपयोग किए जाने वाले स्कैनर हैंड बैगेज के अंदर चीजों को अभी टू-डाइमेंशनल देख सकते हैं.
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS)के संयुक्त महानिदेशक जयदीप प्रसाद ने कहा कि नियामक ने हवाई अड्डों पर कंप्यूटर टोमोग्राफी तकनीक पर आधारित स्कैनर स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है जो अब हाथ में ले जा सकने वाले बैगेज को थ्रीड डाइमेंशनल रिव्यू करेगा. उन्होंने कहा, 'इस तरह के स्कैनर से यात्रियों को स्कैनर से गुजरने से पहले अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को हैंड बैगेज से बाहर निकालने की जरूरत नहीं होगी.'
क्या होगा इससे फायदा?
इस तरह के स्कैनर लगने से हवाईअड्डों पर सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में तेजी लाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है. हाल के सप्ताहों में, विभिन्न हवाईअड्डों पर, विशेषकर राष्ट्रीय राजधानी के हवाईअड्डों पर भीड़-भाड़ और लंबे समय तक प्रतीक्षा करने की शिकायतें मिली हैं. अधिकारियों ने कई उपाय किए हैं जिससे भीड़ कम हुई है.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, हवाईअड्डों पर तैनाती और तैनाती के लिए प्रस्तावित कुछ तकनीकों में कंप्यूटर टोमोग्राफी एक्सप्लोसिव डिटेक्शन सिस्टम (CT-EDS) मशीन और ड्यूल जेनरेटर X-BIS मशीन शामिल हैं.
कहां-कहां लगाए गए स्कैनर
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने 8 दिसंबर को लोकसभा को बताया,“पेरीमीटर इंट्रूज़न डिटेक्शन सिस्टम (PIDS) के लिए न्यूनतम तकनीकी विनिर्देश के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इसे दिल्ली, हैदराबाद और बैंगलोर हवाई अड्डों पर स्थापित किया गया है. सभी हवाई अड्डों पर फुल बॉडी स्कैनर को प्राथमिकता के आधार पर सभी अति संवेदनशील और संवेदनशील हवाई अड्डों के साथ चरणबद्ध तरीके से नियोजित किया गया है."
हवाई अड्डों पर रेडियोलॉजिकल डिटेक्शन इक्विपमेंट (आरडीई) की तैनाती की भी चरणबद्ध तरीके से योजना बनाई गई है.