इंडिया-यूएस ट्रेड डील से शेयर बाजार में भारी उछाल, सेंसेक्स 3,650 अंक चढ़ा, निफ्टी 26,300 के पार

शेयर मार्केट में मंगलवार को तूफानी तेज़ी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई. निफ्टी 50 इंडेक्स 1,219.65 अंकों की तेजी के साथ 26,308.05 के लेवल पर खुला.

Stock Markets Surge to Record Highs
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST
  • निफ्टी इंडेक्स 1220 अंकों की तेजी के साथ खुला
  • शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 2400

मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार (Indian Stock Market) ने ऐतिहासिक तेजी के साथ शुरुआत की. भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार खुलते ही जोरदार खरीदारी देखने को मिली. हाल के दिनों में देखें तो यह भारतीय बाजार में सबसे बड़ी गैपअप ओपनिंग है.

सेंसेक्स 3700 और निफ्टी 1200 अंक की तेजी के साथ खुला
बीएसई सेंसेक्स 3,656.74 अंक यानी 4.48% की छलांग लगाकर 85,323.20 पर खुला. वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स 1,219.65 अंक या 4.86% बढ़कर 26,308.05 पर पहुंच गया. बाजार की यह तेजी लगभग सभी सेक्टर्स में दिखाई दी.

ट्रेड डील बनी गेम चेंजर
लंबे समय से प्रतीक्षित भारत-अमेरिका ट्रेड डील और अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% करना भारतीय अर्थव्यवस्था और बाजार के लिए गेम चेंजर साबित हुआ. इस समझौते से FY27 में भारत की ग्रोथ करीब 7.5% तक पहुंच सकती है. अमेरिकी बाजार में निर्यात बढ़ने से कॉरपोरेट कमाई में भी तेजी आएगी और यह 16-18% तक बढ़ सकती है. साथ ही रुपया भी मजबूत होने की उम्मीद है.

लार्जकैप शेयरों में ज्यादा तेजी की संभावना
अमेरिका और यूरोप के साथ ट्रेड समझौते तथा ग्रोथ-ओरिएंटेड बजट से बाजार का सेंटिमेंट मजबूत होगा. शॉर्ट कवरिंग के चलते रैली और तेज हो सकती है. बैंकिंग, एनबीएफसी, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स और आईटी जैसे लार्जकैप शेयरों में विदेशी निवेश बढ़ सकता है. टेक्सटाइल शेयर भी निवेशकों के रडार पर रहेंगे.

मिडकैप और सेक्टोरल इंडेक्स में जोरदार खरीदारी
एनएसई के व्यापक बाजार में निफ्टी 100 करीब 4% चढ़ा. स्मॉलकैप इंडेक्स 4.6% और मिडकैप 4.05% बढ़ा. सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी 5.85% और ऑटो 5% उछला. फार्मा 4.27%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 4.25% और मेटल 3.88% चढ़े, जबकि एफएमसीजी में 1.8% की बढ़त दर्ज हुई. वेदांता के शेयर 3.38% और हिंदुस्तान जिंक 2.8% मजबूत हुए.

एशियाई बाजारों में भी तेजी, सोना-चांदी उछले
एशियाई बाजारों में भी तेजी रही. जापान का निक्केई 3% से ज्यादा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4% और ताइवान इंडेक्स 1.46% चढ़ा. कमोडिटी मार्केट में सोना करीब 2% बढ़कर 1,47,355 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि चांदी 6% उछलकर 2,50,436 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.

 

Read more!

RECOMMENDED