Advertisement

Gartex Texprocess India 2026: भारत मंडपम में टेक्सटाइल एक्सपो की शुरुआत, GenZ और Gen Alpha के लिए मौजूद है 700 से ज्यादा ब्रांड, AI ट्रायल बन रहा आकर्षण का केंद्र

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित Gartex Texprocess India और डेनिम शो में 190 से अधिक कंपनियां, 700 से अधिक ब्रांड और AI व सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन कर रहे हैं. एक्सपो ने टेक्सटाइल इंडस्ट्री के भविष्य की नई तस्वीर पेश की है.

Gartex Texprocess India
मनीष चौरसिया
  • नई दिल्ली,
  • 06 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:20 PM IST

दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुए गारटेक्स टेक्सप्रोसेस इंडिया और डेनिम शो में टेक्सटाइल इंडस्ट्री का भविष्य साफ नजर आ रहा है. यहां एक ओर नई पीढ़ी की पसंद के डेनिम ट्रेंड्स प्रदर्शित किए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी के जरिए कपड़ा उद्योग को नई दिशा देने वाली आधुनिक मशीनें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित Gartex Texprocess India में देश-विदेश की 190 से ज्यादा कंपनियां और 700 से अधिक ब्रांड हिस्सा ले रहे हैं. प्रदर्शनी में गारमेंट मशीनरी, टेक्सटाइल प्रोसेसिंग, डिजिटल प्रिंटिंग, एम्ब्रॉयडरी, निटिंग और डेनिम सेक्टर की अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है. इस एक्सपो में करीब 1200 उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जबकि 100 से अधिक नए उत्पाद भी लॉन्च किए गए हैं.

Gen Z और Gen Alpha के लिए बदल रहे हैं डेनिम के ट्रेंड
डेनिम शो में सबसे ज्यादा चर्चा नई पीढ़ी यानी Gen Z और Gen Alpha की पसंद को लेकर हो रही है. कंपनियों के मुताबिक अब युवाओं के बीच बैगी फिट, रिलैक्स्ड फिट, कार्गो स्टाइल, वाइड लेग और सस्टेनेबल डेनिम तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. इसके साथ ही रिसाइकल्ड फैब्रिक और कम पानी में तैयार होने वाले डेनिम की मांग भी लगातार बढ़ रही है.

AI Vastra से बिना ट्रायल रूम के पहनकर देखें कपड़े
प्रदर्शनी का एक बड़ा आकर्षण AI Vastra है. यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ऐसा समाधान है, जिसमें कपड़े ट्राई करने के लिए ट्रायल रूम जाने की जरूरत नहीं पड़ती. मशीन सिर्फ एक फोटो क्लिक करती है और उसी तस्वीर पर कुछ ही सेकंड में सैकड़ों अलग-अलग ड्रेस, रंग और डिजाइन वर्चुअली दिखा देती है. इससे ग्राहकों के लिए खरीदारी आसान हो जाती है और फैशन ब्रांड्स को भी अपने उत्पाद बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का विकल्प मिलता है.

सस्टेनेबिलिटी पर इंडस्ट्री का सबसे बड़ा फोकस
टेक्सटाइल इंडस्ट्री में अब सस्टेनेबिलिटी सबसे बड़ा फोकस बन चुकी है. प्रदर्शनी में ऐसी आधुनिक मशीनों का प्रदर्शन किया गया है, जो कम पानी, कम बिजली और कम संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अधिक और बेहतर गुणवत्ता का उत्पादन करने में सक्षम हैं. इन तकनीकों का उद्देश्य उत्पादन लागत कम करने के साथ-साथ पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को भी घटाना है.

टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से बदलेगी इंडस्ट्री की तस्वीर
डेनिम के बदलते ट्रेंड, AI आधारित वर्चुअल ट्रायल और पर्यावरण के अनुकूल टेक्नोलॉजी यह संकेत दे रहे हैं कि भारतीय टेक्सटाइल इंडस्ट्री अब सिर्फ उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी. भारत मंडपम में आयोजित यह एक्सपो दिखाता है कि आने वाले समय में यह उद्योग इनोवेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबिलिटी के दम पर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
 

ये भी पढें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement