Advertisement

CIBIL Score 750+ होने पर भी रिजेक्ट हो सकता है पर्सनल लोन, ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी

जिन लोगों का सिबिल स्कोर काफी अच्छा होता है, उन्हें लगता है कि उनका लोन का आवेदन रिजेक्ट नहीं होगा. लेकिन अगर आप भी इन गलतियों को कर रहे हैं तो आपका 750+ का सिबिल स्कोर भी लोन नहीं दिलवा पाएगा.

Personal Loan
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:44 PM IST

लोग अक्सर सोचते हैं कि अगर उनका CIBIL स्कोर 750 या उससे ज्यादा है, तो पर्सनल लोन आसानी से मिल जाएगा. उन्हें लगता है कि अच्छा क्रेडिट स्कोर लोन मिलने के चांस बढ़ाता है. लेकिन सिर्फ अच्छे स्कोर के आधार पर बैंक लोन मंजूर नहीं करता. बैंक आपकी सैलरी, पहले से चल रहे लोन और पैसे चुकाने की ताकत भी देखता है. इसलिए कई बार अच्छा CIBIL स्कोर होने के बाद भी आपका पर्सनल लोन एप्लीकेशन रिजेक्ट हो सकता है. लोन रिजेक्ट होने के ये 5 बड़े कारण हो सकते हैं.

पहले से चल रही EMI का ज्यादा होना

अगर आपकी सैलरी का बड़ा हिस्सा पहले से चल रही EMI चुकाने में खर्च हो जाता है, तो बैंक नया लोन देने से बच सकता है. बैंक यह देखता है कि सभी जरूरी खर्चों के बाद आपके पास नई EMI चुकाने के लिए पैसे बचेंगे या नहीं. इसलिए नया लोन लेने से पहले अपने मौजूदा कर्ज का हिसाब जरूर लगाएं.
 
कम समय में कई लोन के लिए आवेदन करना

अगर आप थोड़े समय में कई बैंकों या फाइनेंस कंपनियों में लोन के लिए आवेदन करते हैं, तो इसका असर आपके आवेदन पर पड़ सकता है. बैंक को लग सकता है कि आपको पैसों की ज्यादा जरूरत है या आप पहले से पैसों के दबाव में हैं. इसलिए बिना जरूरत कई जगह लोन के लिए आवेदन करने से बचें.

दस्तावेजों में गलती होना

लोन आवेदन करते समय नाम, पता, आमदनी और बैंक खाते की जानकारी सही देना जरूरी है. अगर आपके दस्तावेजों में कोई गलती है या सैलरी की जानकारी बैंक स्टेटमेंट से मेल नहीं खाती, तो बैंक आपका आवेदन रोक सकता है या रिजेक्ट कर सकता है. आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों को अच्छी तरह जांच लें.

आमदनी का रेगुलर न होना

बैंक यह देखता है कि आपकी आमदनी रेगुलर है या नहीं. अगर आपकी नौकरी बार-बार बदलती है या हर महीने मिलने वाली रकम में काफी अंतर होता है, तो बैंक को लोन चुकाने की ताकत पर शक कर सकता है. इसलिए आमदनी से जुड़े सही दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट देना जरूरी है.

पहले से कई अनसिक्योर्ड लोन होना

अगर आपके नाम पर पहले से कई पर्सनल लोन या दूसरे बिना गारंटी वाले कर्ज चल रहे हैं, तो बैंक नया लोन देने में सावधानी बरत सकता है. ऐसा तब भी हो सकता है, जब आप सभी EMI समय पर चुका रहे हों. ज्यादा कर्ज होने से आपकी हर महीने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है.

पर्सनल लोन लेने से पहले क्या करें?

लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपना क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट रिपोर्ट जांचें. मौजूदा कर्ज कम करने की कोशिश करें. सभी दस्तावेज सही रखें और अपनी आमदनी के अनुसार ही लोन की रकम चुनें. 750 या उससे ज्यादा CIBIL स्कोर होना फायदेमंद है, लेकिन लोन मंजूर होने की गारंटी नहीं है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement