Advertisement

Western Railway Income: बॉलीवुड को पसंद आ रहा वेस्टर्न रेलवे, फिल्मों की शूटिंग से इस साल हुई सबसे ज्यादा कमाई

Western Railway Earning from Film Shooting: पश्चिम रेलवे फिल्म निर्माताओं का पसंदीदा जगह बनता जा रहा है. लगातार शूटिंग से पश्चिम रेलवे की खूब कमाई हो रही है. साल 2022-23 में पश्चिम रेलवे ने शूटिंग से 1.64 करोड़ की कमाई की है. पश्चिम रेलवे के स्टेशन और इससे जुड़ी जगहों पर 20 से अधिक फिल्मों की शूटिंग हुई है.

साल 2022-23 में फिल्म शूटिंग से वेस्टर्न रेलवे ने 1.64 करोड़ की कमाई की
पारस दामा
  • मुंबई,
  • 11 अप्रैल 2023,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST

मुंबई का चर्चगेट रेलवे स्टेशन फिल्म निर्माताओं का सबसे पसंदीदा फिल्म शूटिंग स्थान बनता जा रहा है. इस रेलवे स्टेशन पर अक्सर फिल्म की शूटिंग देखी जाती है, ऐसे में यह स्टेशन फिल्म निर्माताओं के लिए सुविधाजनक और सबसे उपयुक्त विकल्प बना हुआ है. वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्थानों पर 20 से अधिक फिल्मों की शूटिंग की गई. जिनमें फीचर फिल्में, वेब सीरीज, टीवी वाणिज्यिक विज्ञापन, सामाजिक जागरूकता के वृत्तचित्र, टीवी धारावाहिक शामिल रहे.

शूटिंग से 1.64 करोड़ की कमाई-
इस वित्तीय वर्ष में पश्चिम रेलवे ने फिल्म शूटिंग के लिए अपने विभिन्न परिसरों और रेल डिब्बों को उपलब्‍ध कराकर 1.64 करोड़ रुपये की कमाई की. पिछले वित्तीय वर्ष 2021-22 में पश्चिम रेलवे को 67 लाख रुपये की आमदनी हुई थी, जबकि वर्ष 2019-20 में यह एक करोड़ और साल 2018-19 के दौरान 1.31 करोड़ रुपये से अधिक रहा. साल 2020-2021 में कोविड महामारी के कारण गिरावट आई थी. हाल के वर्षों में, पश्चिम रेलवे  पर काफी फिल्मों की शूटिंग हो रही है.

फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा स्टेशन-
पश्चिम रेलवे का मुंबई सेंट्रल स्टेशन भी फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनता जा रहा है. इसका सबसे बड़ा कारण फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल सुविधाओं का होना है. मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए लंबे प्लेटफॉर्म वाला यह स्टेशन ट्रेन यात्रा से संबंधित दृश्यों को शूट करने के लिए एक आदर्श स्थान है. इस स्टेशन पर रात के समय शूटिंग करने का अतिरिक्‍त समय मिलता है.

गोरेगांव स्टेशन भी शूटिंग के लिए अच्छा विकल्प-
पश्चिम रेलवे के गोरेगांव स्टेशन पर लोकल ट्रेनों के साथ-साथ मेल एक्सप्रेस ट्रेन के साथ भी शूटिंग करने की सुविधा है. इस स्टेशन का लंबा प्लेटफॉर्म सीन की जरूरत और मांग के अनुसार सेट बनाने के लिए उपयुक्‍त है. इस स्टेशन पर रात के समय भी शूट करना सुविधाजनक है, जिससे सुविधाजनक समय पर शूट किया जा सकता है.
जोगेश्वरी यार्ड (एटी) भी फिल्म शूटिंग के लिए एक सुविधाजनक स्थान है. मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ मालगाड़ी के साथ शूट करने की संभावना इस लोकेशन की मुख्य यूएसपी है.
इस साल पश्चिम रेलवे को फिल्म शूटिंग से रिकॉर्ड कमाई हुई है. इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है. इस प्रक्रिया के सरलीकरण से फिल्म और टीवी कंपनियां जनसंपर्क नियमावली के अनुसार आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद आसानी से अनुमति प्राप्त कर सकती हैं. इस प्रकार पश्चिम रेलवे फिल्म उद्योगों, टेलीविजन धारावाहिकों, विज्ञापनों और ओटीटी प्लेटफार्मों के लिए भी एक बेहद लोकप्रिय फिल्म गंतव्य है.

ये भी पढ़ें:

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement