Advertisement

Credit Card Rules: यूज न होने वाले क्रेडिट कार्ड को न करें नजरअंदाज! जानें फीस, बंद होने और CIBIL Score का पूरा खेल

आज के समय में लोगों के पास कई कंपनियों के क्रेडिट कार्ड होते हैं. कई तो ऐसे होते हैं जो केवल बस पड़े हुए है, इस्तेमाल नहीं हो रहे. अब सवाल है कि क्या उनपर चार्ज देना होगा. या कोई बिना एक्टिव किया कार्ड सालों से पड़ा है तो उसके साथ क्या होगा?

Credit Card Rule
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:52 PM IST

आजकल कई लोगों के पास एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड होते हैं. वह कई बार ऑफर देखकर कार्ड ले लेते हैं, लेकिन बाद में उसका इस्तेमाल नहीं करते. अगर आपके पास भी ऐसा कोई क्रेडिट कार्ड है जो लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है या आपने उसे एक्टिवेट ही नहीं किया, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है. बिना इस्तेमाल के पड़ा कार्ड आगे चलकर बंद हो सकता है और इसका असर सीधा आपके क्रेडिट रिकॉर्ड पर पड़ सकता है.

अगर Credit Card Activate नहीं तो?

RBI के नियमों के अनुसार, क्रेडिट कार्ड को एक्टिवेट करने से पहले कस्टूमर की इजाजत जरूरी है. अगर कार्ड जारी होने के बाद कस्टूमर ने उसे एक्टिवेट नहीं किया और एक्टिवेशन की इजाजत भी नहीं दी, तो कार्ड जारी करने वाली कंपनी को तय नियमों के अनुसार उसे बंद करना होता है. ऐसे मामले में ग्राहक से कार्ड बंद करने का शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए.

कार्ड एक्टिव है लेकिन इस्तेमाल नहीं करते तो?

यह स्थिति अलग है. अगर आपने कार्ड को पहले ही एक्टिवेट कर दिया है, लेकिन लंबे समय से कोई खरीदारी नहीं की, तो कार्ड फिर भी चालू क्रेडिट अकाउंट माना जा सकता है. ऐसे कार्ड पर नियमों के अनुसार सालाना या रिन्यूअल फीस लग सकती है. इसलिए कार्ड की फीस और बाकी शर्तों को समय-समय पर जांचना जरूरी है.

कब खुद बंद होता है कार्ड?

RBI के नियमों के तहत लंबे समय तक कार्ड का इस्तेमाल न होने पर बैंक या कार्ड कंपनी कस्टूमर को पहले सूचना देकर अकाउंट बंद करने की प्रोसेस शुरू कर सकती है. अमूमन एक साल से ज्यादा समय तक वित्तीय लेनदेन न होने पर कार्ड बंद किए जाने की प्रोसेस हो सकती है.

CIBIL Score पर भी पड़ सकता है असर

क्रेडिट कार्ड बंद होने से आपका कुल क्रेडिट लिमिट कम हो सकता है. इससे आपके CIBIL Score पर प्रभाव पड़ सकता है. खासकर अगर बंद होने वाला कार्ड आपकी सबसे पुरानी क्रेडिट लाइन है, तो आपके क्रेडिट इतिहास की लंबाई पर भी असर पड़ सकता है.

कार्ड रखना है तो क्या करें?

अगर कार्ड पर कोई बड़ी सालाना फीस नहीं है और आप उसे रखना चाहते हैं, तो समय-समय पर छोटी खरीदारी करके बिल को समय पर पूरा चुका सकते हैं. वहीं, जिस कार्ड की जरूरत नहीं है या जिस पर ज्यादा फीस लगती है, उसे बंद करने से पहले बैंक से सभी नियम और बकाया जरूर जांच लें.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement