अगर आप ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते समय Cash on Delivery (COD) यानी डिलीवरी के समय कैश में पेमेंट करना पसंद करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. फूड डिलीवरी ऐप Zomato ने Cash on Delivery ऑर्डर पर अलग से चार्ज लेना शुरू कर दिया है. यह नया चार्ज ऑर्डर की बिल राशि में 'Pay on Delivery Fee' के नाम से दिखाई दे रहा है.
अभी Zomato ने इस चार्ज की कोई एक तय राशि सामने नहीं रखी है. रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग कीमत वाले ऑर्डर पर अलग चार्ज दिखाई दे रहा है. यह चार्ज ऑर्डर की कीमत, ग्राहक की लोकेशन या किसी दूसरे कारण से तय होता है या नहीं, इसकी साफ जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इसलिए ऑर्डर करने से पहले बिल में लगे Pay on Delivery Fee को जरूर चेक करना बेहतर होगा.
अगर आप Zomato पर UPI, कार्ड या किसी दूसरे डिजिटल तरीके से पेमेंट करते हैं, तो यह नया Cash on Delivery चार्ज आपके लिए लागू नहीं होगा. यह चार्ज खास तौर पर उस समय दिख रहा है, जब ग्राहक डिलीवरी के समय कैश में भुगतान करने का विकल्प चुनता है.
Zomato के मुकाबले Swiggy पर फिलहाल Cash on Delivery के लिए अलग से ऐसा चार्ज नहीं लिया जा रहा है. Zomato पहले से ही खाने के ऑर्डर पर प्लेटफॉर्म फीस के साथ डिलीवरी, पैकेजिंग और दूसरे लागू चार्ज लेता है. अब Cash on Delivery के लिए अलग चार्ज जुड़ने से कुछ ग्राहकों का कुल बिल बढ़ सकता है.
ऐसे में जोमैटो से खाना ऑर्डर करते समय पेमेंट का तरीका चुनने से पहले पूरा बिल देखना बेहतर होगा. अगर Cash on Delivery पर अतिरिक्त चार्ज दिख रहा है और आपके पास डिजिटल पेमेंट का ऑप्शन है, तो दोनों तरीकों की कुल कीमत की तुलना कर सकते हैं. इससे आपको पता चल जाएगा कि कौन सा ऑप्शन आपके लिए सस्ता है.