Advertisement

प्रोग्राम में छात्र का कॉलर पकड़कर प्रोफेसर ने धमकाया, वीडियो वायरल, यूनिवर्सिटी ने बनाई जांच समिति

अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान एक प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ लिया. जब वीडियो वायरल हुआ तो प्रोफेसर ने माफी मांग ली. इस मामले में यूनिवर्सिटी ने 3 सदस्यीय जांच समिति बनाई है.

Nirma University
ब्रिजेश दोशी
  • अहमदाबाद,
  • 25 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:51 PM IST

निरमा यूनिवर्सिटी में छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो वायरल होने पर ABVP ने विरोध जताया. ABVP कार्यकर्ताओं ने निरमा यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन किया और छात्र का कॉलर पकड़ने वाले EC विभाग के HOD एच.के. पटेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. एबीवीपी ने कहा कि प्रोफेसर ने छात्र का सार्वजनिक रूप से अपमान किया था, छात्र को ऑफिस में बुलाकर प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. जिस तरह स्टेज पर कॉलर पकड़ा गया था. उससे छात्र की मानसिक स्थिति पर असर पड़ा है.

जांच के लिए बनाई गई कमेटी- वीसी
पूरे मामले पर यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. आर एन पटेल ने कहा कि जांच के लिए 3 सीनियर डायरेक्टर की कमेटी बनाई गई है. घटना के बाद यूनिवर्सिटी ने जांच के लिए 3 सीनियर डायरेक्टर की एक कमेटी गठित की है. कमेटी पूरी घटना की जांच कर 3 दिनों में रिपोर्ट सौंपेगी. इस पूरे मामले में सोमवार को ही प्रोफेसर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और माफी मांग ली है. दूसरी ओर छात्र ने भी अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है. इसके बावजूद छात्र संगठनों ने इस घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया है.

क्या था मामला?
पिछले सप्ताह अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में छात्रों के 'टेक्नोफोरा' कार्यक्रम के दौरान विवाद खड़ा हो गया था. कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रोफेसर एच.के. पटेल द्वारा एक छात्र को बुलाकर उसका कॉलर पकड़ने और उसे धमकाने का वीडियो वायरल हुआ था. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन के छात्रों द्वारा 'टेक्नोफोरा' नामक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कॉमेडी और स्टैंड-अप कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान एक छात्र ने 'गोलमाल-3' फिल्म का एक संवाद बोला. इसके बाद प्रोफेसर एच.के. पटेल ने छात्र को मंच पर बुलाया. वायरल वीडियो में प्रोफेसर छात्र का कॉलर पकड़कर उसे धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं. सामने आया है कि प्रोफेसर ने छात्र से कहा कि वह यूनिवर्सिटी के किसी भी फैकल्टी सदस्य का अपमान करने की हिम्मत न करे और अगर ऐसा दोबारा हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement