गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं. शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युमन वाजा ने आधिकारिक रूप से परिणाम जारी किया, जिसके बाद पूरे राज्य में छात्रों और अभिभावकों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला. इस बार साइंस और कॉमर्स दोनों स्ट्रीम के नतीजे एक साथ घोषित किए गए हैं, जिससे लाखों छात्रों को राहत मिली है.
कई स्कूलों ने बनाया रिकॉर्ड
कक्षा 12वीं साइंस स्ट्रीम का कुल परिणाम 84.33% रहा है. इस वर्ष 1,19,263 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,11,270 छात्र परीक्षा में उपस्थित हुए. इनमें से 93,687 छात्र सफल घोषित किए गए. खास बात यह है कि साइंस स्ट्रीम में 100 प्रतिशत परिणाम देने वाले स्कूलों की संख्या पिछले वर्ष के 194 से बढ़कर 209 हो गई है. वहीं 10 प्रतिशत से कम परिणाम वाले स्कूलों की संख्या घटकर 34 से 22 हो गई है, जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकेत है.
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो मोरबी जिला 94.85 प्रतिशत परिणाम के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि दाहोद जिला 57.44 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे रहा. यह अंतर दर्शाता है कि कुछ क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर है, जबकि कुछ स्थानों पर अभी भी सुधार की आवश्यकता है.
कॉमर्स स्ट्रीम में शानदार सफलता, छात्राओं ने मारी बाजी
कॉमर्स स्ट्रीम का परिणाम इस बार बेहद शानदार रहा है. कुल 4,35,102 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 4,03,362 छात्र पास हुए. कुल परिणाम 92.71 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है. इस स्ट्रीम में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है. छात्राओं का पास प्रतिशत 95.41% रहा, जबकि छात्रों का 90.10% रहा. यह आंकड़े दिखाते हैं कि शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लगातार आगे बढ़ रही हैं. जिलेवार प्रदर्शन में अहवा डांग जिला 97.88 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान पर रहा है. वहीं कम परिणाम वाले जिलों में सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है.
GUJCET का परिणाम भी घोषित
कक्षा 12वीं के साथ ही GUJCET परीक्षा का परिणाम भी जारी किया गया है. इस परीक्षा में 1,32,000 छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें से 1459 छात्रों ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. ग्रुप A में 695 छात्र और ग्रुप B में 764 छात्रों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए. वहीं 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों में ग्रुप A के 1233 और ग्रुप B के 1563 छात्र शामिल हैं. यह परिणाम दर्शाता है कि प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बढ़ रहा है.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संकेत
कुल मिलाकर इस वर्ष का परिणाम संतोषजनक रहा है. जहां एक ओर कॉमर्स स्ट्रीम ने शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं सायन्स स्ट्रीम में भी सुधार देखने को मिला है. 100 प्रतिशत परिणाम देने वाले स्कूलों की बढ़ती संख्या और कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों में कमी यह संकेत देती है कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था धीरे-धीरे मजबूत हो रही है. हालांकि, कुछ जिलों में अभी भी सुधार की आवश्यकता बनी हुई है.
रिपोर्टर: ब्रिजेश दोशी
ये भी पढ़ें: