उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट में चमके मायापुर के छात्र, वंशिका ने इंटर में तीसरा और श्रवण ने हाई स्कूल में दसवां स्थान पाया

उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही हरिद्वार के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खुशी की लहर दौड़ गई. विद्यालय की इंटरमीडिएट छात्रा वंशिका ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया

Board Results
gnttv.com
  • हरिद्वार,
  • 25 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:38 PM IST

उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही हरिद्वार के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खुशी की लहर दौड़ गई. विद्यालय की इंटरमीडिएट छात्रा वंशिका ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया, वहीं श्रवण शर्मा ने हाई स्कूल परीक्षा में दसवां स्थान हासिल किया. दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय प्रशासन, शिक्षक और परिवारजन बेहद खुश हैं.

विद्यालय का शानदार प्रदर्शन
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह ने परिणाम पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह बच्चों की सालभर की मेहनत का परिणाम है. उन्होंने बताया कि विद्यालय हर वर्ष राज्य की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करता है और इस वर्ष भी यह परंपरा कायम रही. इंटरमीडिएट में वंशिका ने टॉप 3 में जगह बनाई, जबकि हाई स्कूल में भी छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी स्कूल का परिणाम लगभग 99 प्रतिशत रहने की उम्मीद है. प्रधानाचार्य ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की.

वंशिका की सफलता की कहानी
इंटरमीडिएट में 97 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली वंशिका पीसीएम की छात्रा हैं. वह आगे चलकर प्रोफेसर बनना चाहती हैं और शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं. वंशिका का कहना है कि उन्होंने पूरे साल नियमित रूप से पढ़ाई की और कभी भी एक दिन का भी ब्रेक नहीं लिया. उनकी सफलता का श्रेय वह अपने माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया. वंशिका ने बताया कि वह आगे बीएससी करना चाहती हैं और फिलहाल स्थानीय स्तर पर ही पढ़ाई जारी रखने का विचार कर रही हैं.

परिवार का समर्थन बना ताकत
वंशिका की मां निक्की ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है. वहीं उनके भाई कुणाल ने बताया कि वंशिका दिन-रात पढ़ाई करती थी और उन्हें पहले से विश्वास था कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगी. उनके पिता, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर हैं, इस समय यात्रा पर हैं, लेकिन वीडियो कॉल के जरिए उन्होंने बेटी को बधाई दी.

श्रवण का लक्ष्य बड़ा
हाई स्कूल में दसवां स्थान प्राप्त करने वाले श्रवण शर्मा ने अपनी सफलता को सामान्य बताते हुए कहा कि वह आगे और बेहतर करना चाहते हैं. उनका सपना है कि वह आगे पढ़ाई करके साइंटिस्ट या डेटा साइंटिस्ट बनें. श्रवण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और भगवान को दिया.

श्रवण के परिवार की खुशी
श्रवण के पिता लखन शर्मा ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका बेटा पढ़-लिखकर राज्य की सेवा करे. उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों और श्रवण की मां को दिया, जिन्होंने उसे पढ़ाई के लिए प्रेरित किया. श्रवण की बहन ने भी खुशी जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत रंग लाई है और परिवार को उस पर गर्व है.

रिपोर्टर: मुदित कुमार

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED