UPSC सिविल सेवा परीक्षा का इंटरव्यू राउंड उम्मीदवारों के लिए काफी जरूरी होता है. इस स्टेप तक पहुंचने के लिए पहले प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा पास करनी होती है. इंटरव्यू को पर्सनालिटी टेस्ट भी कहा जाता है, क्योंकि इसमें सिर्फ आपकी पढ़ाई या ज्ञान नहीं, बल्कि आपका व्यवहार, आत्मविश्वास, थिंकिंग पावर और फैसले लेने का तरीका भी परखा जाता है. ऐसे में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
बैठने का तरीका करता है असर
इंटरव्यू के दौरान आपका बैठने का तरीका आपके कॉन्फिडेंस को दिखाता है. अगर आप कुर्सी पर झुककर या असहज तरीके से बैठते हैं, तो इसका गलत असर पड़ सकता है. इसलिए हमेशा सीधे बैठने की कोशिश करें और अपनी पीठ को कुर्सी का सहारा दें. सही पोजीशन में बैठने से न केवल आप आत्मविश्वासी दिखते हैं, बल्कि खुद भी अधिक सहज महसूस करते हैं.
बॉडी लैंग्वेज पर रखें कंट्रोल
इंटरव्यू में आपकी बॉडी लैंग्वेज भी काफी मायने रखती है. उम्मीदवार का एवेलुएशन कमरे में प्रवेश करते ही शुरू हो जाता है. ऐसे में आपकी चाल, बैठने का तरीका और बात करने का अंदाज सब कुछ देखा जाता है. सवालों का जवाब देते समय जरूरत से ज्यादा हाथ हिलाने या इशारे करने से बचें.
कमरे में दाखिल होने से लेकर बाहर निकलने तक
इंटरव्यू रूम में दाखिल करते समय सबसे पहले इजाजत लें. इसके बाद बोर्ड के सदस्यों का अभिवादन करें और बैठने की अनुमति मिलने के बाद ही कुर्सी पर बैठें. इसी तरह इंटरव्यू खत्म होने पर सभी सदस्यों को धन्यवाद कहना न भूलें. बाहर निकलते समय जल्दबाजी न दिखाएं और अपने सामान को आराम से उठाएं. आपका व्यवहार शुरुआत से अंत तक आपकी छवि बनाता है.