Advertisement

IIM काशीपुर में हॉस्पिटल मैनेजमेंट में पीजी एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम की होगी शुरुआत, MoU पर हुए हस्ताक्षर

IIM KASHIPUR: हेल्थ केयर सर्विस सेक्टर में तेजी के साथ ही अस्पतालों में कुशल प्रबंधकों की मांग भी बढ़ रही है. इसे ध्यान में रखते हुए बहुत ध्यान के साथ एक मिक्स प्रोग्राम तैयार किया है.

IIM KASHIPUR
gnttv.com
  • काशीपुर,
  • 12 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 12:42 PM IST
  • अपनी तरह का पहला प्रोग्राम है ये  
  • नौ महीने का होगा पीजी एग्जीक्यूटिव कोर्स 

भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) काशीपुर के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सोमवार को आईआईएम काशीपुर और हेल्थ केयर प्रोवाइडर कंपनी मैक्स हेल्थकेयर लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. इसके तहत स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए हॉस्पिटल मैनेजमेंट (अस्पताल प्रबंधन) में एक पीजी एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रोफेसर कुलभूषण बलूनी और मैक्स हेल्थ केयर लिमिटेड के वरिष्ठ निदेशक-एचआर उमेश गुप्ता ने समझौते पर हस्ताक्षर किए. 

नौ महीने का होगा पीजी एग्जीक्यूटिव कोर्स 

हॉस्पिटल मैनेजमेंट में नौ महीने का पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम विशेष रूप से उन एग्जीक्यूटिव और प्रबंधकों के लिए उपयोगी होगा जो अस्पताल संचालन में अपनी विशेषज्ञता और बढ़ाना चाहते हैं. दोनों संस्थाओं ने मिलकर रिसर्च, सेमिनार और दूसरे शैक्षणिक सहयोग आयोजित करने का भी निर्णय लिया है.

अपनी तरह का पहला प्रोग्राम है ये  

इस अवसर पर प्रो. कुणाल गांगुली, डीन (डेवलपमेंट), आईआईएम काशीपुर ने कहा, “यह समझौता आईआईएम काशीपुर के लिए अपनी एजुकेशन प्रोग्राम में विविधता लाने और हेल्थकेयर सेक्टर में योगदान करने की एक पहल है.” उन्होंने कहा कि अपनी तरह का यह पहला कार्यक्रम इस साल के आखिर तक IIM काशीपुर में लॉन्च किया जाएगा, जिसके अन्तर्गत आईआईएम काशीपुर और मैक्स हेल्थकेयर दोनों की फैकल्टी द्वारा कक्षाएं ली जाएंगी साथ ही मैक्स अस्पतालों में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी. 

ई-लर्निंग कंटेंट से लैस प्रोग्राम 

मैक्स हेल्थकेयर लिमिटेड के सीनियर डायरेक्टर-एचआर और चीफ पीपुल्स ऑफिसर उमेश गुप्ता ने कहा, “हेल्थ केयर सर्विस सेक्टर में तेजी के साथ ही अस्पतालों में कुशल प्रबंधकों की मांग भी बढ़ रही है. इसे ध्यान में रखते हुए हमने बहुत ध्यान के साथ एक मिक्स प्रोग्राम तैयार किया है. यह कार्यक्रम मूल रूप से आईआईएम काशीपुर की प्रतिष्ठित फैकल्टी के लाइव लेक्चर, मैक्स हेल्थ केयर के सीनियर मैनेजमेंट के अनुभवों और अत्याधुनिक ई-लर्निंग कंटेंट से लैस है. नॉलेज, डिजिटल टूल और टेक्नोलॉजी के इस अनूठे मिश्रण में मैक्स हेल्थकेयर के व्यावहारिक अनुभव भी शामिल रहेंगे, इस तरह यह प्रतिभागियों को व्यापक स्किल सेट से लैस करेगा.”

 बढ़ रहा है ग्लोबल हेल्थ केयर मार्किट 

उल्लेखनीय है कि आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 के अनुसार सकल घरेलू उत्पाद के अनुपात के रूप में भारत का स्वास्थ्य देखभाल खर्च वित्त वर्ष 2023 में 2.1% तक बढ़ने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2012 में 2.2% और वित्त वर्ष 2011 में 1.6% था. वहीं, 2030 तक ग्लोबल हेल्थ केयर मार्किट का काफी विस्तार होगा. स्वास्थ्य सेवा उद्योग की वृद्धि और अस्पतालों में कुशल संचालन प्रबंधकों की असाधारण मांगों को देखते हुए यह मिश्रित कार्यक्रम स्वास्थ्य उद्योग में कुशल कार्यबल की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा. 

गौरतलब है कि हाल ही में शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF)-2023 रैंकिंग में आईआईएम काशीपुर भारत के टॉप 50 मैनेजमेंट संस्थानों/कॉलेजों की 2021 में एनआईआरएफ रेटिंग में 33वें स्थान से बढ़कर 2023 में 19वें स्थान पर पहुंच गया है. इसके अलावा, संस्थान के एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस साल आईआईएम काशीपुर से प्लेसमेंट में सबसे अधिक वार्षिक वेतन 37 लाख रुपए रहा, जबकि औसत कॉस्ट-टू-द कंपनी (सीटीसी) 18.11 लाख रुपए रही है. 
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement