तकनीक के तेजी से बदलते दौर में अब इंजीनियरिंग की पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित नहीं रह गई है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और रोबोटिक्स आज छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कौशल बन चुका है. आने वाले समय में यही तकनीक छात्रों के करियर को नई दिशा देने का काम करेगी. इसी सोच के साथ समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में तीन दिवसीय AI और रोबोटिक्स आधारित वार्षिक इंटर-कॉलेज टेक फेस्ट और सेमिनार का आयोजन किया गया.
एडवांस स्टेप इन मल्टीटेक ऑर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार समेत विभिन्न राज्यों के 15 से अधिक कॉलेजों के करीब 280 छात्रों ने हिस्सा लिया. छात्रों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान कुल 14 तकनीकी और गैर-तकनीकी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इनमें रोबोटिक्स, कोडिंग, टेक क्विज, गेमिंग, डिजाइनिंग और कई अन्य आकर्षक इवेंट शामिल रहे. प्रतियोगिताओं में छात्रों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने लायक था.
छात्रों को मिला व्यावहारिक तकनीकी ज्ञान
कॉलेज के स्टूडेंट्स चैप्टर की ओर से कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया गया. इसका उद्देश्य छात्रों के बीच तकनीकी शिक्षा, नवाचार और इंजीनियरिंग के प्रति रुचि बढ़ाना था. इस दौरान छात्रों को केवल थ्योरी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि रोबोटिक्स लैब, कोडिंग और प्रॉब्लम सॉल्विंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान भी दिया गया.
शिक्षाविद आकांक्षा रॉय ने कहा कि क्रिएटिविटी छात्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने बताया कि कॉलेज द्वारा आयोजित 14 इवेंट्स बच्चों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने में मदद कर रहे हैं. AI और रोबोटिक्स पर विशेष फोकस करते हुए छात्रों को नई तकनीकों से परिचित कराया गया ताकि वे भविष्य में होने वाले तकनीकी बदलावों को समझ सकें.
भविष्य में बढ़ेगी AI और रोबोटिक्स की मांग
कार्यक्रम के कॉर्डिनेटर कुमार सागर ने बताया कि इस सेमिनार में बिहार के 13 इंजीनियरिंग कॉलेज और 6 पॉलिटेक्निक कॉलेजों के छात्रों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि AI और रोबोटिक्स आने वाले समय में रोजगार और रिसर्च के बड़े क्षेत्र बनेंगे. मेडिकल फील्ड में रोबोटिक्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. किडनी ट्रांसप्लांट और सर्जरी जैसे कार्यों में रोबोटिक्स के इस्तेमाल से गलतियों की संभावना काफी कम हो जाती है.
सेमिनार में यह भी बताया गया कि AI और रोबोटिक तकनीक का उपयोग आपदा राहत और बचाव कार्यों में भी प्रभावी तरीके से किया जा सकता है. कुल मिलाकर यह टेक फेस्ट इंजीनियरिंग छात्रों के भीतर AI और रोबोटिक्स के प्रति नई रुचि और जागरूकता पैदा करने में सफल साबित हुआ.
ये भी पढ़ें: