बिहार की धरती एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर चमक उठी है. भोजपुर जिले के आरा की रहने वाली होनहार बेटी आकांक्षा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की परीक्षा में 301वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. जैसे ही यह खबर सामने आई, परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी का माहौल छा गया.
ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती का UPSC का चयन-
आकांक्षा सिंह एक ऐसे परिवार से आती हैं जिसका नाम बिहार की सामाजिक और राजनीतिक चर्चाओं में लंबे समय से लिया जाता रहा है. वह रणवीर सेना के संस्थापक ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं. आकांक्षा के पिता इंदु भूषण सिंह और मां रिंकू सिंह ने बताया कि परिवार को हमेशा से उम्मीद थी कि उनकी बेटी एक दिन बड़ी सफलता हासिल करेगी, लेकिन आज जो मुकाम उसने पाया है. वह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है.
आकांक्षा बताती हैं कि उनके दादा स्वर्गीय ब्रह्मेश्वर मुखिया अक्सर कहा करते थे कि उनके घर से कोई बच्चा यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर देश की सेवा करे. आज उनकी यह सफलता उसी अधूरे सपने को पूरा करने जैसी है.
आरा में ही हुई पढ़ाई-लिखाई-
अगर उनकी पढ़ाई की बात करें तो आकांक्षा की शुरुआती शिक्षा आरा के कैथोलिक मिशन स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने एचडी जैन कॉलेज, आरा से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाना है और उसी दिशा में उन्होंने लगातार मेहनत की.
कड़ी लगन, अनुशासन और परिवार के समर्थन के दम पर आखिरकार आकांक्षा ने वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसका सपना उन्होंने वर्षों पहले देखा था. आज उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा भोजपुर जिला गर्व महसूस कर रहा है.
(सोनू सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: