संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है. इस परीक्षा में क्रिकेट खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के मामा ने कमाल करते हुए सेल्फ स्टडी से 102वीं रैंक हांसिल की है. समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर निवासी अभिषेक चौहान के इस उपलब्धि से पूरे परिवार के बीच जश्न का माहौल है.
बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं अभिषेक
वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर अभिषेक के साथ वाली फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि गौरव के क्षण साले साहब ने यूपीएससी 102वीं रैंक लाया. बता दें कि समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड के राजाजान निवासी प्रो.डॉ.अभय कुमार सिंह और अनुराधा राजपूत के पुत्र अभिषेक चौहान का जन्म 18 नवंबर 1999 को पूसा स्थित एक अस्पताल में हुआ था. अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा आरके मिशन पुरुलिया से शुरू हुई थी. वहां से दसवीं की परीक्षा पास करने के बाद गुरु वशिष्ठ स्कूल, हाजीपुर से अभिषेक ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. फिर आईआईटी में एडमिशन लिया. बचपन से ही अभिषेक एक मेधावी छात्र रहे हैं, इसलिए जियोलॉजी विषय में इंटीग्रेटेड एमटेक की डिग्री प्राप्त की. एमटेक में गोल्ड मेडलिस्ट बनकर जिले का नाम रौशन किया था.
और शुरू कर दी सेल्फ स्टडी
अभिषेक चौहान को मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी लग गई थी. 6 महीने तक नौकरी करने के बाद देश सेवा का जज्बा लिए अभिषेक ने नौकरी छोड़ यूपीएससी की तैयारी करने की सोंची. फिर क्या था किसी बड़े कोचिंग का सहारा लिए बिना 2022 से यूपीएससी परीक्षा पास करने के लिए सेल्फ स्टडी शुरू कर दी.
अभिषेक को 102वीं रैंक मिली
हाजीपुर में रहकर लगातार तैयारी करते हुए कुछ यूपीएससी के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन भी लिया. नतीजा यह हुआ की 2025 में पहली बार संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की पीटी और मेंस परीक्षा पास किया फिर इंटरव्यू में भी सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का सही जबाव दिया था. जिसका नतीजा यह हुआ कि शुक्रवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा का रिजल्ट जारी हूआ तो अभिषेक को 102वीं रैंक मिली. इससे उन्हें आईपीएस बनने का मौका मिल गया.
घर पर जश्न का माहौल
रिजल्ट घोषित होने के बाद अभिषेक चौहान के घर जश्न का माहौल है. ग्रामीणों ने सड़क पर जमकर आतिशबाजी की तो माता-पिता ने मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी है. अभिषेक के पिता प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह वर्तमान में नालंदा खुला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार हैं. लोग अब चर्चा करने लगे है कि एक ओर जहां भांजा वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट के पिच पर धमाल मचाए हुए है, वहीं मामा अभिषेक ने यूपीएससी पास कर कमाल कर दिया है. इन मामा- भांजा की वजह से समस्तीपुर का नाम रौशन हो रहा है. वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी खुशी का इजहार जाहिर करते हुए खुद के साथ वाली फोटो शेयर किया है.