Advertisement

CM Yogi Adityanath: सीएम योगी का सपा पर हमला! बोले- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बन गई है समाजवादी पार्टी, 11 विधान परिषद सीटों पर भाजपा की जीत पक्की

सीएम योगी ने गाजियाबाद में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने अखिलेश यादव की पार्टी सपा पर परिवारवाद, शिक्षा की अनदेखी और प्रदेश में अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की.

CM Yogi was Welcomed in Ghaziabad
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:11 PM IST

गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज में विधान परिषद प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद, शिक्षा की अनदेखी और प्रदेश में अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के परिणाम राज्यसभा चुनाव से भी बेहतर होंगे. उन्होंने शिक्षकों और मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की.

सपा की असलियत आ गई समाने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जबकि सपा की असलियत उसके प्रत्याशियों के चयन से सामने आ गई . उन्होंने सपा के पीडीए की व्याख्या परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी के रूप में करते हुए कहा कि पार्टी ने अपना पहला टिकट चाचा और दूसरा टिकट मुंबई के धन्नासेठ को दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने टिकट के लिए अपने राजनीतिक सिद्धांतों से समझौता किया है.

सपा सरकारों पर भेदभाव करने का आरोप 
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की चार सरकारों के दौरान प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू, अराजकता, लूटपाट, भ्रष्टाचार और बिजली संकट से बन गई थी. भय के माहौल के कारण निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे. उन्होंने शिक्षा संस्थानों की मान्यता और मानकों को लेकर भी सपा सरकारों पर भेदभाव करने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में समान मानकों को लागू करने और विकास को गति देने का काम किया है.

सपा राज में होते थे दंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में बड़े स्तर पर रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है और सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालु गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच आवागमन करते हैं. उन्होंने दावा किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बिना किसी बड़े व्यवधान के श्रद्धालु अपनी आस्था के साथ यात्रा पूरी करते हैं. सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय कांवड़ यात्रा, रामलीला और नवरात्र में दुर्गा पूजा के आयोजन बाधित होते थे , दंगे होते थे और कर्फ्यू लगते थे. भाजपा सरकार ने विरासत और विकास का समन्वय स्थापित करते हुए धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी है.

डबल इंजन सरकार तेज गति से विकास
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति दी है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल रही हैं. उन्होंने कहा कि मेरठ से प्रयागराज के बीच गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से यात्रा का समय कम होगा. प्रदेश में एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण भी प्रदेश के विकास को नई पहचान देगा. मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, मां विंध्यवासिनी धाम और ब्रज क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से नहीं, बल्कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज जैसी योजनाओं से हो रही है.

इतने लाख युवाओं को दी गई सरकारी नौकरी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार और कानून-व्यवस्था को सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. युवाओं की नौकरियों के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजने की बात कहते हुए उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ साल में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. योगी ने यूपी पुलिस में 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के परिणाम और 42 हजार से अधिक होमगार्ड पदों के परिणाम जारी होने का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है.

प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हैं, जिनसे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं. उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान की बात भी कही. सम्मेलन के अंत में मुख्यमंत्री ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल सहित पार्टी के सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की. कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, प्रत्याशी, शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement