Punjab Municipal Election Result 2026: किन्नर माही महंत को मिली जीत, बोलीं- वादों को पूरा करने की कोशिश करूंगी

पंजाब नगर निगम और नगर काउंसिल के नतीजे आ रहे हैं. इसमें सुनाम नगर काउंसिल के वार्ड नंबर 20 से किन्नर माही महंत ने जीत हासिल की है. माही महंत ने कहा कि लोगों ने उन्हें जिस प्यार और सम्मान के साथ जिताया है, उसका कर्ज वह कभी नहीं उतार सकतीं. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जो भी वादे उन्होंने लोगों से किए थे, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगी.

Transgender Mahi Mahant
gnttv.com
  • संगरूर,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:24 PM IST

पंजाब में नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों के नतीजों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा सुनाम नगर काउंसिल के वार्ड नंबर 20 की रही, जहां किन्नर समाज की उम्मीदवार माही महंत ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए बड़ी जीत हासिल की. माही महंत की इस जीत को सामाजिक बदलाव और लोगों के भरोसे की जीत माना जा रहा है. जीत के बाद पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला.

किन्नर माही महंत को मिली जीत-
माही महंत ने कहा कि लोगों ने उन्हें जिस प्यार और सम्मान के साथ जिताया है, उसका कर्ज वह कभी नहीं उतार सकतीं. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जो भी वादे उन्होंने लोगों से किए थे, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगी. उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में पहले से गलियों और नालियों के विकास कार्य चल रहे हैं और आगे भी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए लगातार काम किया जाएगा.

पूरे समाज की जीत- माही महंत
माही महंत ने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है. उन्होंने कहा कि उनका समाज हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है और आगे भी वह अपने समाज और इलाके के लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने उन्हें इतना सम्मान दिया है कि शायद अगली बार उन्हें वोट मांगने की जरूरत भी न पड़े.

मंत्री अमन ने माही का पैर छूकर आशीर्वाद लिया-
जीत के बाद पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और उनकी पत्नी ने माही महंत को फूलों का हार पहनाकर बधाई दी और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

अमन अरोड़ा ने कहा कि माही महंत के परिवार का उनके साथ पुराना सामाजिक रिश्ता रहा है. उन्होंने बताया कि माही महंत के बुजुर्ग पहले भी इसी वार्ड से एमसी रह चुके हैं. उस समय उनके पिता, जो विधायक थे, उन्होंने माही महंत के परिवार को टिकट दी थी. उन्होंने कहा कि माही महंत ने समाज सेवा करने की इच्छा जाहिर की थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी में जगह दी गई और आज उन्होंने एकतरफा जीत हासिल की है.

(कुलवीर सिंह की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED