उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के चुनावी परिणामों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी में नया उत्साह फूंक दिया है. यह जीत न सिर्फ पार्टी के मनोबल को मजबूती देने वाली है, बल्कि इसने यह भी साबित कर दिया कि अगर गठनात्मक ढांचा मजबूत हो और लक्ष्य स्पष्ट रखकर समय रहते तैयारी शुरू की जाए, तो कोई भी चुनावी जंग जीती जा सकती है.
पार्टी ने त्रिस्तरीय कार्ययोजना लागू की-
2027 की तैयारियों में जुटी सपा ने इस चुनाव में अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा की कार्यशैली से सीख लेते हुए समय से काफी पहले कदम बढ़ाए. पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव से करीब ढाई साल पहले ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी थी. जमीनी स्तर पर मतदाताओं को जोड़ने और प्रचार अभियान को गति देने के लिए जिलों में एक त्रिस्तरीय कार्ययोजना लागू की गई, जिसकी जिम्मेदारी जिला संगठनों को सौंपी गई.
अनुभवी नेतृत्व पर जताया भरोसा-
इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अनुभवी नेतृत्व पर भरोसा जताया. वर्तमान सांसदों और विधायकों के साथ-साथ पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी जमीन पर उतारा गया, जबकि स्वयं अखिलेश यादव लगातार संगठनात्मक बैठकों के जरिए तैयारियों का जायजा लेते रहे. उन्होंने केवल जिताऊ चेहरों पर ही दांव लगाया, जिसका सीधा फायदा पार्टी को मिला. इस जीत से सपा न केवल उच्च सदन में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी सुरक्षित रखने में कामयाब रही, बल्कि सदन में पार्टी का संख्या बल भी मजबूत हुआ.
हर चुनौती के लिए पहले से तैयार था 'प्लान-बी'
सपा की इस जमीनी रणनीति की भनक विपक्षी दलों को अंत तक नहीं लग सकी. सुनियोजित तैयारी और सटीक क्रियान्वयन की बदौलत प्रत्याशियों ने बड़ी अंतर से विजय दर्ज की. पार्टी के मुताबिक, संगठन ने हर संभावित अड़चन को ध्यान में रखकर पहले से पुख्ता योजना बनाई थी. प्रशासनिक दबाव, मतगणना में विलंब या किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंकाओं से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं को पूर्व नियोजित प्रशिक्षण देकर सतर्क रखा गया था.
ये भी पढ़ें: