Advertisement

यूपी में दलित जनाधार को एकजुट रखने की जुगत में जुटी BSP, कोर वोट बचाने की कवायद

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दल एक्टिव हो गए हैं. बहुजन समाज पार्टी (BSP) अपने पारंपरिक वोटर्स को साधने रखने की रणनीति पर काम कर रही है. राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कांग्रेस, बीजेपी और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया.

Mayawati and Akash Anand (Photo/PTI)
समर्थ श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:29 AM IST

आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) दलित आत्मसम्मान, आरक्षण और नौकरियों जैसे बुनियादी विषयों को आगे रखकर अपने पारंपरिक मतदाताओं को साधे रखने की रणनीति पर काम कर रही है. बुलंदशहर की अनूपशहर विधानसभा सीट पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने बहुजन हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया. साथ ही, उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और सपा तीनों ही प्रमुख दलों पर कड़े प्रहार कर पार्टी की आक्रामक कार्यशैली का संकेत दिया.

जाट-गुर्जर वोटर्स को लुभाने की कोशिश-

पुनः जिम्मेदारी मिलने के बाद अपने पहले सार्वजनिक मंच से आकाश आनंद ने कहा कि बसपा अध्यक्ष मायावती ने उन्हें समाज सेवा और संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा है. उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा हुकूमत वास्तविक विकास कार्यों के बजाय भारी-भरकम विज्ञापनों के सहारे छवि चमकाने में व्यस्त है, जबकि जमीन पर रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति बदहाल है. अपने इस संबोधन के दौरान उन्होंने राजनीतिक शालीनता बरतते हुए व्यक्तिगत तंज कसने से परहेज किया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जातीय समीकरणों विशेषकर जाट और गुर्जर मतदाताओं को भी साधने का प्रयास किया.

सपा-कांग्रेस पर सियासी तंज, अनूपशहर से प्रत्याशी का ऐलान-
जहांगीराबाद के खालौर स्टेडियम में सभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने विपक्षी नेताओं पर तीखी टिप्पणी की. उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को अवसरवादी राजनीति करने वाला बताया, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कार्यशैली को अनिर्णय से भरी हुई करार दिया. चुनावी बिगुल फूंकने के साथ ही उन्होंने अनूपशहर क्षेत्र से मनोज प्रधान को बसपा का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी समर में उतरने का आह्वान किया.

अखिलेश रंग बदलने में माहिर, राहुल कन्फ्यूज- आकाश
आकाश आनंद ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रंग बदलने में माहिर हैं और राहुल गांधी कन्फ्यूज नेता हैं. आकाश आनंद ने भाजपा पर विज्ञापनों के जरिए विकास के झूठे दावे करने, युवाओं को रोजगार न देने और कानून व्यवस्था संभालने में विफल रहने के आरोप लगाए.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement