कॉमेडियन प्रणीत मोरे इन दिनों एक विवाद को लेकर चर्चा में हैं. उनके शो में ऑडियंस के बीच बैठे एक युवक हिमांशु जांगड़ा का 370 की बिरयानी वाला कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इस कमेंट को लेकर लोगों ने हिमांशु को जमकर ट्रोल किया. विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने माफी मांगी और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डिलीट कर दिए. अब प्रणीत मोरे ने भी अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है.
38 लाख फॉलोअर्स वाला अकाउंट हुआ गायब
प्रणीत मोरे के इंस्टाग्राम पर करीब 38 लाख फॉलोअर्स थे. हाल ही में उनका मेन इंस्टाग्राम अकाउंट दिखाई देना बंद हो गया है. माना जा रहा है कि लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच उन्होंने अकाउंट डिएक्टिवेट किया है. हालांकि उनका दूसरा इंस्टाग्राम अकाउंट @maharashtrianbhau अभी भी एक्टिव है. इस अकाउंट पर उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां वे अपने स्टैंडअप कॉमेडी वीडियो शेयर करते हैं.
क्या था 370 की बिरयानी वाला मामला?
विवाद की शुरुआत प्रणीत मोरे के एक क्राउडवर्क शो से हुई. शो के दौरान गुरुग्राम के रहने वाले 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने अपने डेटिंग अनुभव के बारे में बात की. हिमांशु ने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने चिकन बिरयानी की एक प्लेट के लिए 370 खर्च किए थे. इसके बाद उसने कहा कि उसे इस खर्च का रिटर्न मिलना चाहिए था. हिमांशु ने दावा किया कि बिरयानी खाने के बाद लड़की ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा. इस पर उसने मजाकिया अंदाज में कहा, 370 रुपये लगे हैं, मैं वसूल तो करूंगा.
पार्क में ले जाने वाली बात पर बढ़ा विवाद
शो के दौरान हिमांशु ने आगे बताया कि वह लड़की को अपने कमरे पर ले जाने के बारे में सोच रहा था. बाद में उसने उसे एक अंधेरे पार्क में चलने के लिए कहा. उसके मुताबिक लड़की शुरुआत में इसके लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में वह उसके साथ पार्क चली गई. सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पूरे बयान को महिलाओं के प्रति असंवेदनशील और आपत्तिजनक बताया. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने हिमांशु के साथ-साथ प्रणीत मोरे की भी आलोचना की.
सोशल मीडिया पर हुई तीखी आलोचना
विवाद के बाद कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूजर्स ने प्रणीत मोरे को निशाने पर लिया. कुछ लोगों का कहना था कि मंच संचालक होने के नाते उन्हें ऐसी टिप्पणी पर तुरंत आपत्ति जतानी चाहिए थी. कई महिलाओं ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए जवाबदेही की मांग की. इस मामले पर कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला से लेकर यूट्यूबर एल्विश यादव तक ने अपनी प्रतिक्रिया दी.
प्रणीत ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे ने एक बयान जारी कर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि ऑडियंस सदस्य द्वारा की गई टिप्पणी उनके विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती. प्रणीत ने लिखा, 'पीछे मुड़कर देखने पर लगता है कि मुझे उस कमेंट को रोकना चाहिए था. उसके बजाय मैं हंसकर आगे बढ़ गया, जो मेरी गलती थी. मैं सभी की चिंताओं का सम्मान करता हूं और इसके लिए माफी मांगता हूं. इस घटना से मैंने सीख ली है और आगे बेहतर करने की कोशिश करूंगा.'
ये भी पढ़ें