Advertisement

Ramayana Release: 'रामायण' के सेट से आलिया भट्ट ने शेयर की रणबीर और राहा की प्यारी तस्वीर, फिल्म में है नन्ही राहा का कैमियो!

फिल्म 'रामायण' के दुनियाभर में रिलीज होने पर आलिया भट्ट ने सेट से रणबीर कपूर और बेटी राहा की एक तस्वीर शेयर की है. आलिया ने रणबीर की मेहनत की तारीफ की, वहीं इस फिल्म में राहा का एक छोटा सा कैमियो भी है. स्टार-स्टडेड कास्ट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है.

राहा कपूर और रणबीर कपूर (PC_@aliaabhatt)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:21 PM IST

आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर पति रणबीर कपूर और बेटी राहा की एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की है. तस्वीर में पिता-बेटी की जोड़ी साथ नजर आ रही है. रणबीर जहां फिल्म 'रामायण' में भगवान श्रीराम के योद्धा अवतार में दिखाई दे रहे हैं, वहीं राहा उनके साथ बेहद क्यूट लग रही हैं. बताया जा रहा है कि यह तस्वीर फिल्म के सेट की है. आलिया के इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

तस्वीर शेयर करते हुए आलिया ने रणबीर की मेहनत और फिल्म से जुड़े सभी लोगों की तारीफ की. उन्होंने लिखा, 'आपने इस फिल्म के लिए अपना सब कुछ लगा दिया और फिर भी किसी तरह अपनी बेटी के लिए वह सब बचाकर रखा. रणबीर, आप पर और उन सभी लोगों पर गर्व है, जिन्होंने इस शानदार सिनेमाई अनुभव को बनाने में अपना दिल और मेहनत लगा दी. कुछ कहानियां हम सभी से बड़ी होती हैं और रामायण उन्हीं में से एक है.' आलिया के इस पोस्ट में रणबीर के काम के प्रति गर्व के साथ बेटी राहा के लिए उनके प्यार की झलक भी दिखाई दी. यही वजह है कि तस्वीर के साथ उनका लिखा संदेश भी लोगों का ध्यान खींच रहा है.

रामायण में राहा का भी है छोटा सा कैमियो
रणबीर कपूर पहले भी एक बातचीत में फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी बेटी राहा के उत्साह के बारे में बता चुके हैं. उन्होंने कहा था कि वह इस फिल्म में राहा के साथ स्क्रीन शेयर करने को लेकर काफी उत्साहित हैं. रणबीर के मुताबिक, राहा भी इस फिल्म में दिलचस्पी ले रही हैं. इसी बातचीत में उन्होंने खुलासा किया था कि राहा का भी फिल्म में एक छोटा सा कैमियो है. उन्होंने बताया कि राहा ने उनके साथ साई पल्लवी और रवि दुबे वाले एक शॉट में काम किया है, जिस कारण पिता के साथ राहा की यह छोटी सी मौजूदगी फिल्म को रणबीर के परिवार के लिए और भी खास बना रही है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
आलिया की ओर से तस्वीर शेयर किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पर प्यार जता रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'हमारे पर्दे वाले भगवान राम अपनी धड़कन के साथ.' इस तरह के कमेंट्स के जरिए लोग रणबीर और राहा की जोड़ी को पसंद कर रहे हैं. तस्वीर में रणबीर का राम के योद्धा रूप में नजर आना भी लोगों को काफी उत्साहित कर रहा है.

5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई रामायण
फिल्म 'रामायण' दिवाली से ठीक पहले 4 नवंबर को सिनेमाघरों में विशेष प्रीव्यू के लिए आई थी. इसके बाद 5 नवंबर 2026 को इसे दुनियाभर में रिलीज किया गया. फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है. रिलीज से पहले ही फिल्म ने 50 करोड़ रुपए की कमाई कर ली थी. फिल्म की शुरुआती रफ्तार को देखते हुए विशेषज्ञों का अनुमान है कि 'रामायण पार्ट-1' बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो सकती है.

रामायण की स्टार कास्ट में शामिल हैं ये कलाकार-
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में हैं. यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर आ रहे हैं. रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा लारा दत्ता कैकेयी, अरुण गोविल राजा दशरथ, काजल अग्रवाल मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में हैं. विवेक ओबेरॉय शूर्पणखा के पति विद्युतजिह्वा और आदिनाथ कोठारे भरत की भूमिका निभा रहे हैं. नितिश शर्मा शत्रुघ्न के किरदार में हैं. फिल्म में मोहित रैना भगवान शिव की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं राघव जुयाल मेघनाद यानी इंद्रजीत, फैजल मलिक कुंभकर्ण और अनुपम खेर जटायु की भूमिका निभा रहे हैं. अमिताभ बच्चन फिल्म में सूत्रधार यानी वर्णनकर्ता की आवाज दे रहे हैं. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement