Advertisement

बादशाह की पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी के साथ वरमाला पहने फोटो वायरल, सास ने शेयर कीं 'वेडिंग एल्बम' की तस्वीरें

लंबे समय से डेटिंग की खबरों के बीच, रैपर बादशाह और पंजाबी मॉडल ईशा रिक्खी की शादी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं. ईशा की मां पूनम रिक्खी ने इंस्टाग्राम पर दोनों की वरमाला पहने और परिवार के साथ रस्में निभाते हुए फोटो शेयर कर आशीर्वाद दिया है.

बादशाह और ईशा की शादी की तस्वीर
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:32 PM IST

रैपर-सिंगर बादशाह ने पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल ईशा रिखी से शादी कर ली है. यह चर्चा तब और बढ़ गई जब ईशा की मां पूनम रिखी ने अपने इंस्टाग्राम पर दोनों की शादी के जोड़े में तस्वीरें शेयर की.  इन फोटोज में बादशाह और ईशा अपने परिवार वालों के बीच शादी की रस्में निभाते दिख रहे हैं.

तस्वीरों में बादशाह भूरे रंग का कुर्ता और गोल्डन साफा बांधे नजर आ रहे हैं, जबकि ईशा लाल सलवार-कमीज में दिख रही हैं. दोनों ने वरमाला भी पहनी हुई थी. दोनों साथ में मुस्कुराते हुए पोज देते हुए फोटो खिचवा रहे हैं.
वहीं फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में ईशा की मां ने लिखा 'भगवान का आशीर्वाद हमेशा साथ रहे'. इसके साथ इमोजी भी लगाया.  

आधिकारिक घोषणा बाकी
हालांकि, गौर करने वाली बात यह भी है कि न तो बादशाह और न ही ईशा ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपनी शादी की घोषणा की है. फैंस ये भी अटकलें लगा रहे हैं कि कहीं यह पीआर तो नहीं? शादी की वेन्यू भी बेहद साधारण है, जो फैंस के मन में थोड़ा संदेह पैदा कर रहा है. 

कैसे शुरू हुई बादशाह और ईशा की लव स्टोरी
रिपोर्ट की माने तो बादशाह और ईशा करीब चार साल से रिलेशनशिप में हैं. बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात कॉमन फ्रेंड के जरिए एक पार्टी में हुई थी, जहां पहले उनकी दोस्ती हुई फिर दोनों ने डेट करना शुरू किया.

ईशा रिखी पंजाबी फिल्मों में एक्ट्रेस हैं. उन्होंने 2013 में फिल्म ' Jatt Boys Putt Jattan De' से डेब्यू किया था, जिसमें उनके साथ सिप्पी गिल और ओम पुरी भी नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने 2018 में फिल्म 'Nawabzaade' से बॉलीवुड में कदम रखा, जिसमें वरुण धवन, राघव जुयाल और पुनीत पाठक थे.

उनकी पहली शादी जसमीन मासिह से हुई थी
बादशाह की ईशा से यह दूसरी शादी बताई जा रही है. इससे पहले उनकी शादी जसमीन मासिह से हुई थी. दोनों की एक बेटी है जैसमी ग्रेस मासिह सिंह. साल 2020 में बादशाह और जसमीन अलग हो गए थे. 2024 में एक पॉडकास्ट पर बादशाह ने बताया था कि उनकी शादी टूटने की बड़ी वजह उनकी बेटी की भलाई थी.
उन्होंने कहा था 'हमने हर कोशिश की, लेकिन महसूस हुआ कि शादीशुदा जिंदगी हमारी बेटी के लिए सही नहीं थी. इसलिए अलग होना ही बेहतर था. मेरी बेटी लंदन में रहती है, इस वजह से उससे मिलने का मौका कम मिलता है'.

हालांकि पहले लोगों को लगा कि बादशाह पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को डेट कर रहे हैं. दोनों को कई बार दुबई में एक साथ देखा गया था. लेकिन दोनों ने रिश्ते पर सफाई देते हुए एक-दूसरे को क्लोज फ्रेंड बताया था. फिलहाल बादशाह और ईशा की इन तस्वीरों ने दोनों की शादी को लेकर एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है. हालांकि सिंगर के तरफ से अभी भी फैंस आधिकारिक पुष्टी का इंतजार कर रहे हैं. 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement