ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार का रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' इन दिनों सुर्खियों में है. शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारे अपनी जिंदगी, रिश्तों और रोजमर्रा के अंदाज से दर्शकों को रूबरू करा रहे हैं. अब शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव का अलग ही अंदाज देखने को मिला. दोनों वृंदावन की गलियों में नजर आए. इस दौरान तेज प्रताप यानी तेजू भैया काजल के गुरु बन गए और उन्हें बांसुरी बजाना सिखाते नजर आए.
तेजू भैया ने पूछा- वृंदावन आकर कैसा लगा?
नए प्रोमो की शुरुआत वृंदावन के खूबसूरत माहौल से होती है. तेज प्रताप यादव काजल राघवानी से पूछते हैं- 'वृंदावन आकर कैसा लगा आपको?' इसके बाद वह बताते हैं कि वृंदावन प्रेम की नगरी है और यहीं राधा-कृष्ण की लीलाएं हुई हैं. इस पर काजल राघवानी कृष्ण भक्ति से जुड़ी अपनी आस्था जाहिर करते हुए कहती हैं कि वह कृष्ण जी को बहुत मानती हैं.
काजल की बांसुरी क्लास, गुरु बने तेजू भैया
इसके बाद तेज प्रताप यादव काजल राघवानी को बांसुरी बजाना सिखाते दिखाई देते हैं. काजल भी बांसुरी सीखने की कोशिश करती दिखाई देती हैं. शो से जुड़े इस प्रोमो को 'Vrindavan Diaries ft. Teju Bhaiyya and Kaja' नाम दिया गया है. प्रोमो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर दोनों की यह जोड़ी चर्चा में आ गई है.
सिर्फ बांसुरी नहीं, शो में खुल रहे सितारों की जिंदगी के राज
भोजपुरी बवाल आम रियलिटी शो से थोड़ा अलग फॉर्मेट पर बनाया गया है. इसे फॉलो-रियलिटी शो बताया गया है, जिसमें कंटेस्टेंट्स को सामान्य रियलिटी शो की तरह टास्क और एलिमिनेशन के जरिए नहीं चलाया जाता. कैमरे उनके निजी और प्रोफेशनल जीवन के करीब रहते हैं. शो में स्टार्स की दोस्ती, रिश्ते, परिवार, महत्वाकांक्षा, विवाद और पर्दे के पीछे की जिंदगी दिखाई जा रही है.
शो में तेज प्रताप यादव के अलावा भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेता-राजनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ, अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी नजर आ रहे हैं.
कभी रिश्तों पर सवाल, कभी मस्ती-मजाक
शो के शुरुआती प्रोमो में ही कंटेस्टेंट्स के बीच बातचीत का सिलसिला काफी दिलचस्प नजर आया था. एक प्रोमो में काजल ने तेज प्रताप और पवन सिंह के रिश्तों को लेकर सवाल कर दिया था. वहीं आम्रपाली दुबे और निरहुआ की जोड़ी भी दर्शकों का ध्यान खींचती दिखी. भोजपुरी बवाल में जहां एक तरफ सितारों के विवाद और रिश्तों की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कभी मस्ती, कभी भक्ति और कभी उनकी निजी जिंदगी के अनदेखे पहलू भी दर्शकों के सामने आ रहे हैं.