Advertisement

Bigg Boss 20: नीट प्रोटेस्ट से वायरल हुईं रिया अहीर को लगा झटका, जनता के वोट से उनकी जगह ये बनीं बिग बॉस 20 की सदस्य

नीट आंदोलन से सुर्खियों में आईं रिया अहीर बिग बॉस 20 के घर में प्रवेश करने से चूक गईं. लाइव ऑडियंस वोटिंग मुकाबले में दर्शकों ने इस पंजाबी अभिनेत्री को चुनकर घर का रास्ता दिखाया है.

बिग बॉस के घर से बाहर हुई रिया अहीर
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:09 PM IST

रिया अहीर का नाम कुछ महीने पहले तक ज्यादातर लोग जानते भी नहीं थे, लेकिन नीट प्रोटेस्ट के दौरान एक तस्वीर और वीडियो ने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया. छात्रों से भरी पुलिस वैन को बीच सड़क पर रोकने के बाद रिया सोशल मीडिया से लेकर मीडिया की बहसों तक छा गईं. देखते ही देखते वह यूथ और जेन-जी के बीच भी पहचान बनाने लगीं और उन्हें उनकी बहादुरी के लिए सम्मान भी मिला.  इसके बाद जब उनका नाम बिग बॉस 20 से जुड़ा तो कहानी एक बार फिर बदल गई. खास बात ये थी कि इस बार शो में उनकी एंट्री का फैसला मेकर्स नहीं, बल्कि जनता के वोट से होना था. लेकिन जिस जनता के बीच रिया वायरल हुई थीं, उसी ने उन्हें बिग बॉस के घर तक पहुंचने का मौका नहीं दिया.

नीट प्रोटेस्ट ने बदल दी रिया की पहचान
नीट प्रोटेस्ट छात्रों की परीक्षाओं में होने वाली चीटिंग और गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन था. मुंबई में हुए इस प्रदर्शन के दौरान रिया अहीर भी चर्चा में आईं. छात्रों से भरी पुलिस वैन को बीच सड़क पर रोकने का उनका वीडियो वायरल हुआ और देखते ही देखते उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर होने लगी. इसके बाद रिया कई मीडिया डिबेट्स में नजर आईं और यूथ व जेन-जी के बीच उनकी पहचान बन गई. उन्हें उनकी बहादुरी के लिए सम्मान भी मिला.

फिर बिग बॉस से जुड़ा रिया का नाम
रिया की बढ़ती लोकप्रियता के बीच अचानक उनका नाम सलमान खान के शो बिग बॉस 20 के लिए सामने आया. शो के मेकर्स ने उनकी एंट्री का फैसला सीधे अपने हाथ में रखने के बजाय इसे दर्शकों के वोट से जोड़ दिया. इसके लिए रिया अहीर और पंजाबी एक्ट्रेस-मॉडल लव गिल के बीच जनता को वोट करना था. यानी इस बार यह तय करने का अधिकार दर्शकों के पास था कि दोनों में से कौन बिग बॉस के घर में जाएगा.

स्टेज तक पहुंचीं, लेकिन घर के अंदर नहीं जा पाईं
6 सितंबर को बिग बॉस 20 के मंच पर रिया और लव गिल के बीच मुकाबला सामने आया. दोनों के बीच बहसबाजी भी हुई और रिया ने स्टेज पर अपना बेबाक अंदाज दिखाया. लेकिन वोटिंग का नतीजा रिया के पक्ष में नहीं गया. जनता ने लव गिल को चुना और उन्हें बिग बॉस के घर में एंट्री मिल गई. वहीं रिया को सलमान खान से मिलने और कैमरे पर नजर आने के बाद ही मंच से वापस लौटना पड़ा. वह बिग बॉस के घर के अंदर तक नहीं जा सकीं. रिपोर्ट के मुताबिक, रिया की मौजूदगी मंच पर करीब 2 मिनट से ज्यादा की रही.

आखिर जनता ने रिया को क्यों नहीं चुना?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस रिया को नीट प्रोटेस्ट के दौरान खूब समर्थन और पहचान मिली, उसी रिया को बिग बॉस के लिए जनता का वोट क्यों नहीं मिला? इसका कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है. हालांकि, रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई है कि लव गिल का फैनडम रिया की तुलना में ज्यादा मजबूत हो सकता है. रिया के फैंस को यकीन है कि वह वापिस बिग बॉस में आएंगी, लेकिन मेकर्स की तरफ से ऐसे किसी प्लानिंग की बात भी सामने नहीं आई है, इसलिए इसे तथ्य के तौर पर नहीं कहा जा सकता.

बिग बॉस को लेकर पहले से उत्साहित थीं रिया
बिग बॉस में जाने को लेकर रिया काफी उत्साहित थीं. शो के लिए उनका नाम सामने आने के बाद उन्होंने लगातार इंटरव्यू भी दिए थे. उन्होंने बताया था कि वह अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए रियलिटी शो कर रही हैं. हालांकि, उनके इस जबाव को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया. कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बिग बॉस में जाने के लिए उन्होंने छात्रों की आवाज बनने का दिखावा किया था. रिया ने इन आरोपों को गलत बताया था. फिलहाल जनता के वोट ने लव गिल को बिग बॉस के घर का रास्ता दिखाया है, जबकि रिया को मंच से ही वापस लौटना पड़ा. आगे रिया को लेकर क्या नया देखने को मिलता है, इस पर भी लोगों की नजर रहेगी. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement